Job Update: लद्दाख के छात्रों और युवाओं के लिए इंटर्नशिप का अच्छा मौका आया है. लद्दाख प्रशासन ने 2000 पेड इंटर्नशिप के लिए आवेदन शुरू कर दिए हैं. यह कार्यक्रम 25 सरकारी विभागों में कराया जाएगा. चयनित युवाओं को 3 महीने तक हर महीने 5000 रुपये का मानदेय मिलेगा.
इस इंटर्नशिप के जरिए युवाओं को सरकारी विभागों के कामकाज और प्रशासन को करीब से समझने का मौका मिलेगा. आवेदन की प्रक्रिया 22 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 5 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
25 सरकारी विभागों में मिलेगा काम का मौका
यह इंटर्नशिप एलजी युवा इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है. लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने युवा इंटर्नशिप पोर्टल की शुरुआत की है. इसके जरिए युवाओं को अलग-अलग सरकारी विभागों में काम करने का अवसर मिलेगा.
उम्मीदवारों को उनकी रुचि और योग्यता के आधार पर विभाग में इंटर्नशिप दी जाएगी. इस दौरान उन्हें सरकारी दफ्तरों के कामकाज, योजनाओं और परियोजनाओं को लागू करने की प्रक्रिया को समझने का मौका मिलेगा.
हर महीने मिलेंगे 5000 रुपये
लद्दाख युवा इंटर्नशिप की अवधि शुरुआत में 3 महीने की होगी. इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 5000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा. इंटर्नशिप 17 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है. अच्छा प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों को आगे 3 महीने का अतिरिक्त समय भी दिया जा सकता है. इंटर्नशिप पूरी करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र भी मिलेगा.
5 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू हो चुकी है. आवेदन की आखिरी तारीख 5 सितंबर 2026 है. इसके बाद 6 से 14 सितंबर के बीच उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच होगी. चयनित उम्मीदवारों की इंटर्नशिप 17 सितंबर से शुरू होने की प्रस्तावित है.
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले internship.ladakh.gov.in पोर्टल पर जाएं. इसके बाद अप्लाई फॉर इंटर्नशिप के विकल्प पर क्लिक करें. रजिस्ट्रेशन के लिए नाम, ईमेल, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन जैसी जानकारी भरनी होगी. इसके बाद अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार विभाग का चुनाव करें. सभी जरूरी जानकारी भरने के बाद आवेदन पत्र जमा कर दें.
ये भी पढ़ें- भारत आ रहा अमेरिका का सबसे खतरनाक फाइटर जेट, पाकिस्तान सीमा पर होने वाला है कुछ बड़ा? जानें पूरी जानकारी