झारखंड के बोकारो में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से बुजुर्ग दंपति समेत बहू को उतारा मौत के घाट

Bokaro Triple Murder: झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र के कुकुरलीलवा गांव में एक मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया.

Jharkhand bokaro-triple-murder-neighbor-kills-three-over-land-dispute
Image Source: Social Media

Bokaro Triple Murder: झारखंड के बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र के कुकुरलीलवा गांव में एक मामूली विवाद ने ऐसा खूनी रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. पड़ोसी के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तिहरे हत्याकांड में बदल गया. आरोप है कि गुस्से से बेकाबू हुए युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर एक बुजुर्ग दंपति और उनकी बहू की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में भय और मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

कुल्हाड़ी के वार से तीन जिंदगियां खत्म

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है, जिसका पड़ोसी जानकी महतो के परिवार से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से जानकी महतो और उनकी पत्नी सुगिया देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हमले के दौरान जानकी महतो की बहू गौरी देवी अपने सास-ससुर को बचाने के लिए आगे आईं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

जमीन विवाद की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण पाया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद होने की बात कही है, हालांकि पुलिस अभी किसी एक वजह की पुष्टि नहीं कर रही है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं.

गांव में पसरा सन्नाटा

तिहरे हत्याकांड के बाद कुकुरलीलवा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके. ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और लोग इस निर्मम वारदात को लेकर स्तब्ध हैं. 

ये भी पढ़ें: झारखंड के गिरिडीह में आसमानी आफत का कहर, बिजली गिरने से 5 की मौत, एक ही परिवार के 3 बच्चे शामिल