जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन आज, इन रास्तों पर रूट डायवर्जन, निकलने से पहले जरूर पढ़ें ये ट्रैफिक अलर्ट

नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर गौतम बुद्ध नगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.

Jewar Noida airport inaugurated today route diversion on these routes
Image Source: Social Media

Jewar Airport Inauguration: नोएडा के जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर गौतम बुद्ध नगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस, ट्रैफिक विभाग और जिला प्रशासन ने एक विस्तृत ट्रैफिक प्लान लागू किया है. यह प्लान केवल उद्घाटन के दिन ही नहीं, बल्कि उससे पहले और बाद के समय को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि किसी भी तरह का जाम या अव्यवस्था न हो.

प्रशासन ने साफ कहा है कि जो लोग इस दौरान यात्रा करने वाले हैं, वे घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर ले लें, क्योंकि कई रास्तों पर बदलाव किया गया है और कुछ मार्गों पर पूरी तरह रोक भी रहेगी.

कॉमर्शियल वाहनों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर

इस ट्रैफिक प्लान का सबसे ज्यादा असर भारी और कॉमर्शियल वाहनों पर पड़ेगा. सिकंदराबाद और ककोड़ की ओर से जेवर आने वाले ऐसे वाहनों को एयरपोर्ट क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा. उन्हें चचूरा और खेड़ा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा.

वहीं, आगरा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को जेवर टोल से पहले ही रोक दिया जाएगा और यू-टर्न देकर वापस आगरा की ओर भेजा जाएगा. इन वाहनों को अलीगढ़ और टप्पल के रास्ते आगे बढ़ना होगा. इस व्यवस्था का उद्देश्य यमुना एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव कम करना है.

नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वालों के लिए नया रूट

नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आगरा या अन्य शहरों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी नया रूट तय किया गया है. ऐसे वाहन परी चौक से अल्फा कॉमर्शियल गोल चक्कर, फिर मेट्रो डिपो गोल चक्कर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोल चक्कर तक जाएंगे. इसके बाद वे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.

इस डायवर्जन का मकसद है कि एयरपोर्ट उद्घाटन के दौरान मुख्य मार्गों पर भीड़ कम रहे और वीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न आए.

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बना मुख्य विकल्प

मेरठ, हापुड़ और गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को विशेष रूप से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. इस मार्ग के जरिए वाहन आसानी से यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़कर आगरा, मथुरा, लखनऊ या अन्य शहरों की ओर जा सकते हैं.

इसके अलावा बील अकबरपुर NH-91 का भी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जेवर क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रैफिक दबाव न बढ़े.

पलवल रूट पर भी बदलाव

पलवल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है. इन वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से ही डायवर्ट किया जाएगा और सिरसा लूप से उतरने की अनुमति नहीं होगी. इससे एयरपोर्ट के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोका जा सकेगा.

स्थानीय इलाकों में सख्त नियम

जेवर, दयानतपुर, किशोरपुर और आसपास के गांवों में भी सख्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है. इन क्षेत्रों में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. केवल स्थानीय जरूरत वाले वाहनों को ही अनुमति मिलेगी.

कार्यक्रम स्थल के आसपास बैरिकेडिंग की जाएगी और केवल पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा, ताकि सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों नियंत्रित रहें.

मथुरा, अलीगढ़ और बुलंदशहर के लिए अलग व्यवस्था

मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे के जरिए जेवर टोल पार करने के बाद जेवर कट से उतरेंगे. इसके बाद सबोता अंडरपास होते हुए किशोरपुर गेट से एयरपोर्ट पहुंचेंगे.

पार्किंग की बात करें तो मथुरा से आने वालों के लिए पार्किंग-5 और अलीगढ़ के लिए पार्किंग-9 तय की गई है.

वहीं, हापुड़ और बुलंदशहर से आने वाले वाहनों को ग्राम थोरा कट से मोड़कर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश दिया जाएगा. हापुड़ के लिए पार्किंग-14 और बुलंदशहर के लिए पार्किंग-13 निर्धारित की गई है.

पार्किंग और शटल बस की सुविधा

भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक शटल बसों की व्यवस्था की गई है. इससे मुख्य सड़कों पर वाहनों की संख्या कम रहेगी और लोगों को आने-जाने में आसानी होगी.

सभी प्रमुख चौराहों और डायवर्जन पॉइंट्स पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो ट्रैफिक को सही दिशा में निर्देशित करेंगे. साथ ही ट्रैफिक कंट्रोल रूम से पूरे सिस्टम की निगरानी की जाएगी.

ये भी पढ़ें- IPL 2026: 10 टीम, 12 शहर, 74 मैच... इस आईपीएल सीजन में क्या होगा खास? BCCI ने नियमों में किया बदलाव