अब फ्री में होगी JEE-NEET की तैयारी, बिहार बोर्ड ने शुरू की कोचिंग, जानें कब है आवेदन की आखिरी तारीख

Bihar Board JEE NEET UG Free Coaching: बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही बोर्ड ने छात्रों के लिए एक बड़ा मौका भी दिया है. अब जेईई और नीट की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए फ्री कोचिंग प्रोग्राम शुरू कर दिया गया है.

JEE-NEET preparation will be free Bihar Board has started coaching last date of application
Image Source: ANI/ File

Bihar Board JEE NEET UG Free Coaching: बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. इसके साथ ही बोर्ड ने छात्रों के लिए एक बड़ा मौका भी दिया है. अब जेईई और नीट की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए फ्री कोचिंग प्रोग्राम शुरू कर दिया गया है. इस योजना का नाम “सुपर 50” है, जिसके तहत योग्य छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी.

इस प्रोग्राम के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन की आखिरी तारीख 5 अप्रैल 2026 तय की गई है. खास बात यह है कि इस फ्री कोचिंग के साथ छात्रों को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी.

कौन कर सकता है आवेदन

इस प्रोग्राम के लिए वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जो साल 2026 में 10वीं की परीक्षा दे रहे हैं. इसके अलावा बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड के साथ-साथ CBSE और अन्य बोर्ड के छात्र भी आवेदन कर सकते हैं. एक जरूरी शर्त यह है कि छात्र बिहार का निवासी होना चाहिए.

दो तरह की कोचिंग की सुविधा

इस योजना के तहत दो तरह की कोचिंग दी जाएगी, आवासीय और गैर-आवासीय. आवासीय कोचिंग केवल पटना में उपलब्ध है. इसमें चुने गए छात्रों को पढ़ाई के साथ रहने और खाने की सुविधा भी पूरी तरह मुफ्त दी जाएगी.

वहीं गैर-आवासीय कोचिंग में छात्रों को कुछ घंटों की क्लास दी जाएगी. यह सुविधा पटना, मुजफ्फरपुर, छपरा, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, भागलपुर, गया और मुंगेर जैसे जिलों में उपलब्ध है.

किन छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप

जो छात्र गैर-आवासीय कोचिंग में चयनित होंगे, उन्हें हर महीने 1000 रुपये की स्कॉलरशिप दी जाएगी. यह राशि पढ़ाई से जुड़े खर्चों में मदद के लिए दी जाएगी.

कैसे होगा चयन

इस प्रोग्राम में चयन एंट्रेंस एग्जाम और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा. इसके बाद मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर छात्रों का चयन होगा. छात्र 5 अप्रैल 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.

क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी

फ्री कोचिंग प्रोग्राम में पढ़ाने के लिए एक्सपर्ट टीचर्स रखे गए हैं. छात्रों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए हर महीने दो बार टेस्ट लिए जाएंगे, जो OMR या CBT फॉर्मेट में होंगे. इसके अलावा छात्रों के डाउट क्लियर करने के लिए अलग से क्लास भी दी जाएगी, ताकि उन्हें पढ़ाई में कोई परेशानी न हो.

क्यों है यह मौका खास

आज के समय में जेईई और नीट की तैयारी काफी महंगी होती है. ऐसे में बिहार स्कूल एजुकेशन बोर्ड का यह कदम उन छात्रों के लिए बहुत मददगार साबित हो सकता है, जो आर्थिक कारणों से अच्छी कोचिंग नहीं ले पाते. कुल मिलाकर, यह योजना मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रों के लिए एक बड़ा मौका है, जिससे वे अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं.

ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट तनाव के बीच पीएम मोदी और ट्रंप की हुई बातचीत, इन मुद्दों पर हुई चर्चा