जैस्मिन, साक्षी और नुपुर ने जीते गोल्ड, वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में भारत का दबदबा; जीते 11 मेडल

कजाकिस्तान में संपन्न हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में भारतीय बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन किया है. इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीते.

Jasmine Sakshi Nupur World Boxing Cup
जैस्मिन, साक्षी और नुपुर ने जीते गोल्ड | Photo: X

कजाकिस्तान में संपन्न हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में भारतीय बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन किया है. इस प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक जीते, जिसमें 3 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज शामिल हैं. यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक जीत है, और इन बॉक्सरों ने अपनी उत्कृष्टता और समर्पण से देश का नाम रोशन किया.

भारतीय बॉक्सरों की शानदार उपलब्धि

महिला बॉक्सिंग में ओलिंपियन जैस्मिन लंबोरिया (57 किग्रा), साक्षी (54 किग्रा) और नुपुर (80 किग्रा) ने गोल्ड मेडल जीते. खास तौर पर साक्षी ने 54 किग्रा वर्ग में अमेरिका की योसेलीन पेरेज को हराकर भारत को पहला गोल्ड दिलाया. साक्षी ने यह मुकाबला सर्वसम्मत निर्णय से जीता. वहीं, जैस्मिन लंबोरिया ने ब्राजील की दो बार की ओलिंपियन जुसीलन रोमेउ को 4-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. नुपुर ने कजाकिस्तान की येलदाना तालिपोवा को 5-0 से हराकर 80 किग्रा वर्ग में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया.

सिल्वर मेडल भी जीते

इसके अलावा, 5 भारतीय बॉक्सरों ने सिल्वर मेडल भी जीते. महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में मीनाक्षी ने कजाकिस्तान की नजिम किजाइबाय से 2-3 से हारने के बाद सिल्वर जीता. नजिम किजाइबाय ओलिंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट हैं. वहीं, पुरुषों के 85 किग्रा वर्ग में जुगनू, 70 किग्रा में हितेश गुलिया और 65 किग्रा में अभिनाश जमवाल को भी सिल्वर मेडल मिला. ओलिंपियन पूजा रानी ने 80 किग्रा में सिल्वर मेडल जीता, हालांकि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की एसेटा फ्लिंट के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. जुगनू को कजाकिस्तान के बेकजाद नुरदाउलेटोव से 0-5 से, जबकि पूजा रानी को एसेटा फ्लिंट से 0-5 से हार मिली. हितेश को ब्राजील के काइअन ओलिवेरा से 5-0 से और जमवाल को यूरी फाल्काओ से 3-2 के करीबी मुकाबले में हार मिली.

ब्रॉन्ज मेडल की लिस्ट

समीफाइनल तक पहुंचे संजू (महिला 60 किग्रा), निखिल दुबे (पुरुष 75 किग्रा) और नरेंद्र (पुरुष 90 किग्रा) ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. यह बॉक्सर्स सेमीफाइनल में हारकर कांस्य पदक जीतने में सफल रहे.

वर्ल्ड बॉक्सिंग कप की महत्वपूर्ण भूमिका

भारत ने पिछले साल अप्रैल में ब्राजील में हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में छह पदक जीते थे, जब भारतीय महिला मुक्केबाज राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग ले रही थीं. इन दोनों प्रतियोगिताओं के परिणामों के आधार पर मुक्केबाजों को रैंकिंग अंक मिलते हैं. वे मुक्केबाज जो उच्च रैंकिंग हासिल करते हैं, उन्हें नवंबर में नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में खेलने का अवसर मिलेगा.

प्रतियोगिता की संक्षिप्त जानकारी

इस बार अस्ताना स्टेज पर आयोजित इस टूर्नामेंट में 31 देशों के 400 से अधिक मुक्केबाजों ने भाग लिया, जिनमें कई ओलिंपियन भी शामिल थे. भारत ने इस प्रतियोगिता में 20 सदस्यीय टीम भेजी थी, जो इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में अपने दमदार प्रदर्शन से चमकी. इस टूर्नामेंट से भारतीय बॉक्सिंग की ताकत और आने वाले दिनों में उनकी सफलता की उम्मीदें बढ़ी हैं.

ये भी पढ़ेंः AIM-120D मिसाइल, F-16... लंच के बाद अब युद्ध में भी पाकिस्तान का साथ देगा अमेरिका? जानिए भारत को कितना खतरा