Jammu Kashmir Landslide: सोनमर्ग में आधी रात को मचा हड़कंप! पहाड़ से टूटी बर्फ की दीवार, VIDEO देख दहल उठे लोग

Jammu Kashmir Landslide: जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का कहर लगातार जारी है. इसी बीच मध्य कश्मीर के सोनमर्ग से एक डराने वाली घटना सामने आई है,

Jammu Kashmir Landslide Video Goes Viral on internet
Image Source: Social Media

Jammu Kashmir Landslide: जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का कहर लगातार जारी है. इसी बीच मध्य कश्मीर के सोनमर्ग से एक डराने वाली घटना सामने आई है, जहां मंगलवार रात अचानक भीषण हिमस्खलन हुआ. इस प्राकृतिक आपदा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसे देखकर इलाके में खराब मौसम की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या बड़े जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है.


वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पहाड़ी ढलान से अचानक भारी मात्रा में बर्फ नीचे की ओर खिसकती है और कुछ ही पलों में बर्फ का विशाल गुबार बनकर आसपास की इमारतों और संरचनाओं को अपनी चपेट में ले लेती है. यह दृश्य इतना भयावह था कि स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई.अधिकारियों के मुताबिक यह हिमस्खलन मंगलवार रात करीब 10 बजकर 12 मिनट पर गांदरबल जिले के सोनमर्ग रिजॉर्ट क्षेत्र में हुआ. सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और राहत एवं बचाव दलों को तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना किया गया.

हालात पर नजर, सतर्कता बढ़ाई गई

प्रशासन ने बताया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. फिलहाल किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन मौसम की गंभीरता को देखते हुए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. सोनमर्ग और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.

पहले भी दिख चुका है ऐसा मंजर

यह पहली बार नहीं है जब कश्मीर में हिमस्खलन ने डर पैदा किया हो. पिछले साल मार्च में गुलमर्ग में भी एक बड़ा हिमस्खलन हुआ था. वहीं गांदरबल जिले के सोनमर्ग स्थित सरबल इलाके में भी पहले अचानक बर्फ का तूफान आया था, जिसमें एक ट्रक इसकी चपेट में आ गया था. ऐसे पुराने अनुभवों की वजह से ताजा घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

11 जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKUTDMA) पहले ही हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी कर चुका है. कश्मीर घाटी के गांदरबल, अनंतनाग, बांदीपोरा, बारामूला, कुलगाम और कुपवाड़ा समेत 11 जिलों के साथ-साथ जम्मू क्षेत्र के डोडा, किश्तवाड़, पुंछ, राजौरी और रामबन को भी अलर्ट पर रखा गया है.

यातायात और रेल सेवाएं प्रभावित

लगातार हो रही बर्फबारी का असर यातायात पर भी पड़ा है. काजीगुंड और बनिहाल के बीच भारी बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया. बर्फ हटाने का काम जारी रहने के बावजूद एहतियातन वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं दी गई.इसके अलावा ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं. बनिहाल और बडगाम के बीच कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, हालांकि ट्रैक साफ होने के कुछ घंटों बाद रेल संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया.

कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन सक्रिय

जनता की सहायता के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय कर दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके. मौसम विभाग ने आने वाले समय को लेकर भी चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर तेज हवाएं और गरज के भी आसार हैं. बुधवार को भी हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है.

यह भी पढ़ें: अगले महीने अजीत डोभाल जाएंगे कनाडा, इन अहम मुद्दों पर हो सकती है चर्चा