जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें भारतीय सेना के तीन जवानों की जान चली गई. यह हादसा तब हुआ जब सेना का एक ट्रक जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहे सैन्य काफिले का हिस्सा था और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया.
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सुबह करीब 11:30 बजे बैटरी चश्मा के पास घटी. सेना का ट्रक पहाड़ी सड़क पर संतुलन खो बैठा और करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक में सवार तीनों जवानों की मौके पर ही मौत हो गई.
राहत और बचाव अभियान शुरू
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं. तुरंत बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन दुर्गम और गहरी खाई में ट्रक के गिरने के कारण राहत कार्यों में काफी दिक्कतें आईं. सेना के हेलीकॉप्टरों और बचाव इकाइयों को भी अभियान में लगाया गया.
स्थानीय प्रशासन ने जताया शोक
जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. शहीद जवानों की पहचान और परिवारों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है. सेना की ओर से मृतकों को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.
ये भी पढ़ेंः न हथियार और न गोला बारूद, खस्ताहाल में अपने जवानों को उकसा रहा PAK; कहा- अपने आप को साबित करने का मौका