युवक पी रहा था पानी, तभी मुंह में घुस गया मधुमक्खियों का झुंड, जबड़े और जीभ में मारा डंक, जानें फिर क्या हुआ?

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत में पानी भर रहे एक युवक की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई.

Jalaun Young man dies after swarm of bees attacks him while watering field
Image Source: Freepik

Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत में पानी भर रहे एक युवक की मधुमक्खियों के हमले से मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवक को प्यास लगी और वह पानी पीने के लिए झुका. जैसे ही उसने मुंह खोला, मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया.

जहरीले डंक बने मौत की वजह

घटना जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के पथरेहटा गांव की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 32 वर्षीय लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण अपने खेत में पानी भर रहा था और प्यास लगने पर जैसे ही पानी पीने के लिए मुंह खोला, अचानक मधुमक्खियों का झुंड उस पर टूट पड़ा. उन्होंने सीधे उसकी जीभ और तालू पर डंक मारे.

हमले के तुरंत बाद युवक का मुंह बुरी तरह सूज गया और उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. परिजनों ने उसे तत्काल सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. दुर्भाग्यवश, जिला अस्पताल ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

छोटे किसान की बड़ी त्रासदी

लक्ष्मण सिंह एक मेहनतकश किसान था जो महज 1-2 एकड़ जमीन पर खेती करके अपने परिवार का गुजारा करता था. उसकी मृत्यु से न सिर्फ परिवार का मुखिया चला गया, बल्कि घर की आर्थिक रीढ़ भी टूट गई है. लक्ष्मण अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है. परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं. घर में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है. एक सामान्य दिन में हुए इस हादसे ने परिवार को अपूर्णीय क्षति पहुंचाई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डॉक्टर और पुलिस ने क्या कहा?

सीएचसी के एक अधिकारी ने बताया कि युवक की जीभ में मधुमक्खियों के कई डंक फंसे हुए थे और उसकी हालत अत्यंत नाजुक थी. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया. वहीं कदौरा थाना प्रभारी (एसओ) ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में यह मामला जहरीले कीड़ों के डंक से हुई मौत का लग रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: Free Fire गेम के चक्कर में 14 साल के यश ने गंवाए 13 लाख रुपये, पिता ने सवाल किया तो उठाया खौफनाक कदम