जयपुर में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढहने से 3 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Jaipur Wall Collapse: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. आमेर क्षेत्र के ताला मोड़ इलाके में निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए.

jaipur-wall-collapse-kills-three-workers-rescue-operation-continues
Image Source: ANI

Jaipur Wall Collapse: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. आमेर क्षेत्र के ताला मोड़ इलाके में निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए. हादसे में अब तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया. घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है.

नाले की खुदाई बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय इलाके में नाले की खुदाई का कार्य चल रहा था. बताया जा रहा है कि खुदाई अपेक्षा से अधिक गहरी होने के कारण निर्माणाधीन इमारत की नींव कमजोर पड़ गई और उसकी दीवार अचानक ढह गई. दीवार गिरते ही आसपास काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय करीब एक दर्जन लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका थी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया.

बिहार और झारखंड के रहने वाले हैं मजदूर 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए अधिकांश मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं. राहत की बात यह रही कि घटना लंच के समय हुई, जिसके चलते कई मजदूर भोजन करने के लिए वहां से हट चुके थे. यदि सभी मजदूर मौके पर मौजूद होते तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था. हालांकि अब भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान लगातार जारी है.

जिला प्रशासन ने तीन मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है, जबकि राहत दल मलबे को हटाकर अन्य लोगों की तलाश में जुटा हुआ है. अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. वहीं पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन को आशंका है कि मलबे से और लोगों के मिलने की संभावना से मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

ये भी पढ़ें: Pune Child Rape: 4 साल की मासूम को मिला इंसाफ, रेप और हत्या के दोषी भीमराव कांबले को होगी फांसी की सजा