Jagannath Rath Yatra 2026: भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा का शुभारंभ भक्ति और उल्लास के बीच हुआ. ओडिशा के पुरी में लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए जुटे. 'जय जगन्नाथ' के जयघोष और भक्ति गीतों के बीच पूरे शहर में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला. देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रथ यात्रा में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया. भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. पुरी और अहमदाबाद समेत विभिन्न शहरों में हजारों पुलिसकर्मी, अर्धसैनिक बल और विशेष सुरक्षा टीमें तैनात की गई हैं. ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी, AI आधारित निगरानी प्रणाली और कंट्रोल रूम के जरिए पूरे यात्रा मार्ग पर नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा का संचालन सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जा सके.
वहीं, रथ यात्रा के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद स्थित जगन्नाथ मंदिर में मंगला आरती में हिस्सा लिया. उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे धार्मिक उत्साह के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ.
ये भी पढ़ें- Big Breaking On Azam Khan: रामपुर में बड़ा धमाका! जौहर यूनिवर्सिटी पर टूटेगा बुलडोजर?