Jabalpur News: जबलपुर में सड़क हादसे के रूप में सामने आई 30 वर्षीय कविता चौधरी की मौत अब कथित हत्या की साजिश से जुड़ गई है. पुलिस जांच में आरोप है कि कविता को जानबूझकर लोडिंग वाहन से टक्कर मारी गई और पूरी वारदात को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में बीमा पॉलिसियों से जुड़े आर्थिक पहलू भी सामने आए हैं. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कविता के पति प्रयास पांडे और उसके कथित सहायक मानसिंह लोधी की तलाश की जा रही है.
4 सितंबर को हुआ था हादसा
मामला जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र का है. 4 सितंबर को कविता चौधरी स्कूटी से जा रही थीं, तभी एक लोडिंग ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में उनकी मौत हो गई. शुरुआत में इसे सामान्य सड़क दुर्घटना माना गया, लेकिन पुलिस ने जब घटनाक्रम और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की तो कुछ परिस्थितियां संदिग्ध नजर आईं. इसके बाद पुलिस ने हादसे की जांच हत्या के एंगल से आगे बढ़ाई.
कई घंटे तक मौके पर इंतजार का आरोप
पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी पहले से मौके पर मौजूद थे. जांच में सामने आया कि पाटन के कंतोरा-रानीताल क्षेत्र में कई घंटे तक इंतजार किया गया. पुलिस का दावा है कि कविता की पहचान के लिए आरोपियों को उनकी तस्वीर दिखाई गई थी और यह भी बताया गया था कि वह लाल रंग की स्कूटी से वहां आएंगी. इसके बाद जब कविता वहां पहुंचीं तो लोडिंग वाहन से उनकी स्कूटी को टक्कर मारी गई.
कोर्ट के बाहर बनाई गई थी साजिश?
पुलिस जांच के मुताबिक, 3 सितंबर को प्रयास पांडे ने कुछ आरोपियों को पाटन कोर्ट के बाहर बुलाया था. आरोप है कि इसी दौरान कविता को रास्ते से हटाने की योजना तैयार की गई. पुलिस के अनुसार, कविता को नूनसर पॉलिसी चौकी के पास किसी काम से जाना था और इसी जानकारी के आधार पर वारदात की जगह और समय तय किया गया. इस साजिश में प्रयास पांडे के साथ उसके कथित सहायक मानसिंह लोधी का नाम भी सामने आया है.
किराए पर लिया गया था लोडिंग वाहन
पुलिस का कहना है कि कविता की हत्या को सड़क हादसा दिखाने के लिए लोडिंग वाहन का इस्तेमाल किया गया. जांच में यह भी सामने आया कि जिस वाहन से टक्कर मारी गई, उसे 11 महीने के एग्रीमेंट पर किराए पर लिया गया था. पुलिस इस बिंदु को भी जांच का हिस्सा मान रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वाहन को कब और किस उद्देश्य से किराए पर लिया गया था.
25 लाख की पॉलिसी से जुड़ा आर्थिक एंगल
पुलिस के मुताबिक, कविता के नाम पर करीब 25 लाख रुपये की LIC पॉलिसी थी. इसके अलावा उनके नाम पर दूसरी बीमा पॉलिसियां होने की बात भी सामने आई है. पुलिस का आरोप है कि इन पॉलिसियों और एक्सीडेंटल डेथ क्लेम से मिलने वाली रकम हासिल करने के इरादे से हत्या की साजिश रची गई. कविता पहले एक निजी बीमा कंपनी में काम करती थीं. साल 2022 में उनकी मुलाकात प्रयास पांडे से हुई थी और दोनों ने 2024 में कोर्ट मैरिज की थी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, पति की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस ने विक्रम चौधरी, रामजी चौधरी और करिया उर्फ धनीराम चौधरी को गिरफ्तार किया है. पुलिस इनसे पूछताछ कर कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. वहीं, मुख्य आरोपी बताए जा रहे प्रयास पांडे और उसके कथित सहायक मानसिंह लोधी की तलाश जारी है. पुलिस की जांच अभी चल रही है और आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा.
ये भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, दिल्ली से बिहार-यूपी समेत कई राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें