'लिपस्टिक मत लगाना..', मां की डांट से चिढ़ी बेटी, रच डाली हैरान कर देने वाली साजिश, पुलिस भी रह गई दंग

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने अपने ही अपहरण का झूठा कांड रच दिया. यह मामला उस वक्त सामने आया जब छात्रा की मां और नानी ने मोबाइल इस्तेमाल करने और लिपस्टिक लगाने पर उसे रोक लगा दी.

jabalpur-mother-said-to-daughter-no-use-lipstick-police-case
Meta AI

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर आई है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने अपने ही अपहरण का झूठा कांड रच दिया. यह मामला उस वक्त सामने आया जब छात्रा की मां और नानी ने मोबाइल इस्तेमाल करने और लिपस्टिक लगाने पर उसे रोक लगा दी. परेशान लड़की ने इस बात का बदला लेने के लिए एक नकली फिरौती पत्र लिखा और अपहरण की धमकी दी. लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण उसकी साजिश जल्‍द ही फेल हो गई.

पत्र परिवार को मिला अपहरण का झूठा 

28 जून की सुबह करीब 11 बजे लड़की अचानक घर से लापता हो गई. इसी दिन परिवार को एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें लिखा था कि उनकी बेटी को अपहरण कर लिया गया है और उसे वापस पाने के लिए 15 लाख रुपये 10 जुलाई तक बड़ी खेरमाई मंदिर के पास पहुंचाने होंगे. पत्र में साफ कहा गया था कि अगर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई तो लड़की को नुकसान पहुंचेगा. डर के माहौल में परिवार ने पुलिस को सूचना दी.

पुलिस की तेजी से सुलझा मामला

खमरिया थाना प्रभारी सरोजिनी टोप्पो चौकसे ने बताया कि परिवार की शिकायत पर जांच शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी उपकरणों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पता लगाया कि नाबालिग एक ऑटो में बैठकर सदर इलाके में किराए के मकान देखने गई थी. पूछताछ में ऑटो चालक ने भी इस बात की पुष्टि की. पुलिस की कई टीमों ने मिलकर उसे सदर क्षेत्र में खोज निकाला और थाने लेकर आई.

पूछताछ में बच्ची ने किया खुलासा

पुलिस के सामने बच्ची ने स्वीकार किया कि उसने ही अपहरण की नाटक रचा था. उसने फिरौती का खत खुद लिखा और घर में छोड़कर बाहर चली गई थी. उसने यह सब इसलिए किया क्योंकि वह अपनी मां और नानी की डांट-फटकार से तंग आ चुकी थी. मोबाइल चलाने और मेकअप करने पर पाबंदी से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया.

परिवार की स्थिति और भविष्य की उम्मीदें

लड़की की मां और नानी पीडब्ल्यूडी में काम करती हैं, जबकि पिता परिवार को छोड़ चुका है. मां का कहना है कि वह बेटी को पढ़ा-लिखा कर बेहतर जिंदगी देना चाहती है. हालांकि बेटी की नाबालिग उम्र में इस तरह की हरकत ने परिवार को हिलाकर रख दिया है. पुलिस ने परिवार को समझाइश दी है कि बेटी की बेहतर देखरेख और संवाद जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसा कोई मामला दोबारा न हो.

ये भी पढ़ें: MP का ये शहर स्मार्ट टेक्नोलॉजी से होगा लैस, QR कोड से मिलेगी घर की पूरी कुंडली