मध्य पूर्व में गाजा को लेकर हालात अब भी तनावपूर्ण हैं. शांति समझौते की कोशिशों के बीच भी संघर्ष जारी है. इसी बीच इजराइल के कट्टरपंथी नेता और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने गाजा को लेकर विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इजराइली सेना को हर रात गाजा में 30 से 40 लोगों को मारना चाहिए. उन्होंने गाजा में रहने वाले फिलिस्तीनियों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की और कहा कि वे इंसान भी नहीं हैं.
बेन-ग्विर, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गठबंधन सरकार के सबसे कट्टर नेताओं में गिने जाते हैं. उन्होंने यह बात गाजा में बंधक रहे रोम ब्रास्लाव्स्की के साथ एक पॉडकास्ट में कही.
‘गाजा में हर रात 30-40 लोगों को मारें’
बेन-ग्विर ने कहा कि गाजा में हर रात लक्षित कार्रवाई होनी चाहिए और रोजाना 30 से 40 लोगों को मारा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कार्रवाई सिर्फ उन लोगों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, जिनसे उस समय खतरा हो.
Israeli National Security Minister Itamar Ben-Gvir:
— Clash Report (@clashreport) August 15, 2026
I think targeted eliminations should be carried out in Gaza every night — take out 30, 40. Not only those who endanger you at that particular moment.
There are people there who shouldn’t be alive. They shouldn’t live.
I’m… pic.twitter.com/IAT9LEJSb3
उन्होंने फिलिस्तीनियों को लेकर कहा कि ये ऐसे लोग हैं जिन्हें जिंदा नहीं रहना चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें इंसान कहना भी उनकी तारीफ करने जैसा है.
पूरे गाजा में इजराइली बस्तियां बसाने की बात
बेन-ग्विर ने कहा कि वह पूरे गाजा में इजराइली बस्तियां बसाना चाहते हैं. उनका कहना है कि ज्यादा से ज्यादा फिलिस्तीनियों को वहां से जाने के लिए मजबूर किया जाना चाहिए, ताकि पूरे इलाके में इजराइली बस्तियां बसाई जा सकें.
उन्होंने कहा कि सिर्फ गुश कातिफ में ही नहीं, बल्कि पूरे गाजा में इजराइली बस्तियां होनी चाहिए. उन्होंने फिलिस्तीनियों को दूसरे देशों में जाने के लिए प्रोत्साहित करने की बात भी कही.
बेन-ग्विर ने आतंकवादियों को लेकर कहा कि उनके लिए किसी तरह का पलायन नहीं होना चाहिए और उन्हें एक-एक करके मार दिया जाना चाहिए.
नेतन्याहू से गाजा पर बातचीत जारी
बेन-ग्विर का यह बयान ऐसे समय आया है जब गाजा में युद्ध खत्म करने को लेकर अमेरिका और इजराइल के बीच बातचीत चल रही है. सोमवार को अमेरिका के मध्य पूर्व दूत जेरेड कुशनर ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ कई घंटे तक बैठक की.
यह बैठक नेतन्याहू द्वारा गाजा में जारी युद्ध खत्म करने के अमेरिकी प्रस्ताव के कुछ हिस्सों को सार्वजनिक रूप से खारिज करने के कुछ दिन बाद हुई.
प्रस्ताव के तहत हमास अपने हथियार छोड़ देगा और इजराइल गाजा के बड़े हिस्से से चरणबद्ध तरीके से अपनी सेना हटाएगा. हालांकि, इजराइल का कहना है कि जब तक हमास के हथियार पूरी तरह खत्म नहीं हो जाते, तब तक सेना गाजा से नहीं हटेगी.
एक वरिष्ठ इजराइली अधिकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि पूरे गाजा में हमास के हथियार खत्म होने तक सेना की दोबारा तैनाती या पुनर्निर्माण शुरू नहीं होगा. कुशनर ने इजराइल आने से एक दिन पहले मिस्र में हमास के साथ भी बातचीत की थी. हमास ने अमेरिका की इस योजना पर अपनी सहमति जताई है.