Israel-Iran War: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल और ईरान के बीच टकराव एक बार फिर तेज हो गया है. ईरान द्वारा इजरायल पर मिसाइल हमले किए जाने के कुछ घंटों बाद इजरायली वायु सेना ने ईरान के विभिन्न सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी कार्रवाई की है. इजरायली सेना का कहना है कि पश्चिमी और मध्य ईरान में स्थित कई रणनीतिक ठिकानों पर हवाई हमले किए गए हैं.
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, राजधानी तेहरान समेत तबरीज और इस्फहान में कई विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.
तेहरान के आसपास एयरस्पेस पर रोक
हमलों के बाद ईरान ने राजधानी तेहरान स्थित इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया. यह देश के सबसे व्यस्त और प्रमुख एयरपोर्ट्स में से एक माना जाता है. ईरानी अधिकारियों ने इजरायली हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
कई स्थानों को बनाया गया निशाना
ईरान के सरकारी मीडिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के अनुसार, इजरायल ने हवाई हमलों में कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया. रिपोर्टों में दावा किया गया है कि करीब 15 स्थानों पर हमले हुए हैं.
तेहरान, तबरीज और इस्फहान में विस्फोटों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं. कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि तेहरान में एक ड्रोन संचालन केंद्र को निशाना बनाया गया है.
मिसाइल हमलों के बाद हुई कार्रवाई
इजरायली सेना (IDF) ने कहा कि यह अभियान ईरान द्वारा इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद शुरू किया गया. सेना के अनुसार, जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनका संबंध सैन्य गतिविधियों से था.
The Israeli Air Force struck military targets belonging to the Iranian terror regime in western and central Iran a short while ago.
— Israel Defense Forces (@IDF) June 8, 2026
कुछ रिपोर्टों में तेहरान के मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास भी हमलों की जानकारी सामने आई है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
अमेरिका ने बनाई दूरी
इस बीच एक अमेरिकी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ईरान पर हुए इजरायली हमलों में अमेरिकी सेना की कोई भूमिका नहीं थी. रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह इजरायल द्वारा की गई थी.
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान ने रविवार देर रात इजरायल की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जिसके बाद इजरायल ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया था.
ये भी पढ़ें- तुम बेईमान हो या बेवकूफ... न्यूज एंकर पर भड़के राष्ट्रपति ट्रंप, बीच में छोड़ा इंटरव्यू, देखें Video