Islamabad Hospital Fire: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बुधवार सुबह एक सरकारी अस्पताल में हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया. पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) के महिला एवं बाल स्वास्थ्य वार्ड की नर्सरी में अचानक आग लग गई. हादसे के समय तीसरी मंजिल पर स्थित नर्सरी में 16 नवजात बच्चे भर्ती थे. आग की चपेट में आने से 15 बच्चों की मौत हो गई, जबकि रेस्क्यू टीम केवल एक नवजात को सुरक्षित बचा सकी.
#Breaking
— ⚡️🌎 World News 🌐⚡️ (@ferozwala) August 26, 2026
🚨At least 14 infants killed in hospital fire in Pakistan's capital, Islamabad
🔥In an incident of fire at #PIMS Hospital in Islamabad, 14 children lost their lives after a blaze broke out in the nursery. #Islamabad #Pakistan
▪️Rescue teams arrived at the scene. It… pic.twitter.com/BSmZMcq3fw
AC कंप्रेसर फटने के बाद भड़की आग
पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक, सुबह करीब 6:45 बजे नर्सरी वार्ड में AC का कंप्रेसर फट गया. इसके बाद वार्ड में आग लग गई और कुछ ही समय में आग तेजी से फैल गई. नवजात बच्चों की हालत को देखते हुए रेस्क्यू टीम के सामने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की बड़ी चुनौती थी. रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि टीम ने खिड़की का शीशा तोड़कर वार्ड में प्रवेश किया और बच्चों को बचाने की कोशिश की. हालांकि, आग बेहद तेजी से फैल चुकी थी. अधिकारियों के मुताबिक, 14 बच्चों के शव आग में बुरी तरह जल गए.
एक नवजात को ही बचाया जा सका
हादसे के वक्त नर्सरी में कुल 16 नवजात बच्चे मौजूद थे. आग के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सिर्फ एक बच्चे को जिंदा बचाया जा सका. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग पर काबू पाने के बाद प्रभावित हिस्से को ठंडा करने का काम शुरू किया गया, ताकि किसी तरह के दोबारा खतरे की आशंका न रहे.
6 दमकल गाड़ियां और 4 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के साथ दमकल और मेडिकल सेवाओं को सक्रिय किया गया. मौके पर छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस पहुंचीं. रेस्क्यू अभियान के दौरान 19 अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें 10 महिलाएं, 7 बच्चे और 2 पुरुष शामिल थे.
हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित
घटना के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन ने घटना की जांच के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की है. कमेटी आग लगने की वजह के साथ-साथ अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों की भी जांच करेगी. जांच टीम को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.
ये भी पढ़ें- PAK की न्यूक्लियर साइट पर भारत ने किया था हमला? पूर्व CDS अनिल चौहान ने किराना हिल्स को लेकर खोला राज