Duleep Trophy 2026: दिलीप ट्रॉफी 2026 के लिए ईस्ट जोन की टीम का ऐलान हो गया है और इस बार चयनकर्ताओं ने युवा जोश और अनुभव का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला है. शानदार फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाया गया है. हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर दोनों खिलाड़ियों ने टी20 सीरीज में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था, जिसके बाद उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है. 23 अगस्त से शुरू होने वाला यह प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट 10 सितंबर तक खेला जाएगा.
जिम्बाब्वे दौरे की शानदार फॉर्म का मिला इनाम
ईस्ट जोन की टीम में कई अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल किए गए हैं. दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम को मजबूत बनाती है. वहीं जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने सबसे ज्यादा रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया था, जबकि ईशान किशन रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर रहे. दोनों की बेहतरीन फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है.
ईशान किशन की दमदार वापसी
कुछ समय पहले तक भारतीय टीम से बाहर चल रहे ईशान किशन ने हार नहीं मानी और घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए वापसी का रास्ता तैयार किया. उनकी कप्तानी में झारखंड ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया, जिसके बाद उन्हें फिर से टीम इंडिया में मौका मिला. अब दिलीप ट्रॉफी जैसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट में कप्तानी की जिम्मेदारी मिलना इस बात का संकेत है कि चयनकर्ता उनकी नेतृत्व क्षमता पर भी पूरा भरोसा जता रहे हैं.
वैभव सूर्यवंशी के सामने नई चुनौती
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और बेहद कम समय में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया. अब तक छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके वैभव ने जिम्बाब्वे सीरीज के तीन मैचों में 151 रन बनाकर अपनी प्रतिभा साबित की है. दिलीप ट्रॉफी में उपकप्तान की भूमिका उनके करियर का नया अध्याय होगी, जहां उनसे सिर्फ रन बनाने ही नहीं बल्कि टीम को नेतृत्व देने की भी उम्मीदें रहेंगी.
ईस्ट जोन का स्क्वॉड
ईशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जयसवाल, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, अनुकूल रॉय, विराट सिंह, सुभ्रांशु सेनापति, वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), डेनिश दास, अभिजीत सरकार.
ये भी पढ़ें: RCB पर हुई पैसों की बारिश! क्रिकेट की दुनिया में रचा इतिहास, इस खास क्लब में हुई शामिल