RCB पर हुई पैसों की बारिश! क्रिकेट की दुनिया में रचा इतिहास, इस खास क्लब में हुई शामिल

RCB Brand Value: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. RCB दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा हो गई है.

IPL RCB creates history becomes the world first cricket team with a brand value of $300 million
Image Source: ANI/ File

RCB Brand Value: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. RCB दुनिया की पहली क्रिकेट टीम बन गई है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा हो गई है.

वैश्विक निवेश बैंक हूलिहान लोकी की 2026 ब्रांड वैल्यू रिपोर्ट के मुताबिक, RCB की ब्रांड वैल्यू 2025 में 269 मिलियन डॉलर थी, जो 2026 में बढ़कर 312 मिलियन डॉलर पहुंच गई है. यानी टीम की वैल्यू में करीब 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.

IPL की बिजनेस वैल्यू भी बढ़ी

रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की कुल बिजनेस वैल्यू भी तेजी से बढ़ी है. आईपीएल की एंटरप्राइज वैल्यू अब 20.6 अरब डॉलर हो गई है. पिछले एक साल में इसमें 11.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.  वहीं, आईपीएल की ब्रांड वैल्यू भी 10.3 प्रतिशत बढ़कर 4.3 अरब डॉलर पहुंच गई है. साल 2023 के बाद से आईपीएल की ब्रांड वैल्यू में 1.1 अरब डॉलर से ज्यादा का इजाफा हुआ है.

मुंबई इंडियंस और चेन्नई भी टॉप टीमों में

ब्रांड वैल्यू के मामले में RCB के बाद मुंबई इंडियंस दूसरे नंबर पर है. मुंबई इंडियंस की ब्रांड वैल्यू 264 मिलियन डॉलर बताई गई है. इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स 245 मिलियन डॉलर के साथ तीसरे और चेन्नई सुपर किंग्स 244 मिलियन डॉलर के साथ चौथे स्थान पर है.

बड़े निवेश से बढ़ी आईपीएल की ताकत

रिपोर्ट में बताया गया है कि आईपीएल में हुए बड़े निवेश और मालिकाना सौदों ने लीग की आर्थिक ताकत को और मजबूत किया है. RCB का अधिग्रहण ब्लैकस्टोन, बोल्ट वेंचर्स, आदित्य बिड़ला ग्रुप और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के समूह ने करीब 1.78 अरब डॉलर के मूल्यांकन पर किया. वहीं, राजस्थान रॉयल्स का मूल्यांकन करीब 1.65 अरब डॉलर रहा.

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी बढ़ी पहुंच

आईपीएल की लोकप्रियता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी तेजी से बढ़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2026 सीजन करीब 1.06 अरब स्क्रीन तक पहुंचा. पिछले साल के मुकाबले दर्शकों की संख्या में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. कनेक्टेड टीवी पर आईपीएल देखने वालों की संख्या में 26 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. हालांकि, पारंपरिक टीवी की रेटिंग में गिरावट देखने को मिली.

आईपीएल की सफलता पर बोले नेस वाडिया

पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने कहा कि उन्हें हमेशा भरोसा था कि आईपीएल दुनिया की बड़ी खेल लीगों में शामिल होगी, लेकिन इतनी तेजी से सफलता मिलेगी, इसकी उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा कि आईपीएल ने भारत में क्रिकेट देखने का तरीका बदल दिया है. इस लीग ने खिलाड़ियों को नए मौके दिए, निवेश बढ़ाया और ऐसे क्रिकेट ब्रांड तैयार किए जिनसे करोड़ों लोग जुड़े हुए हैं.

मीडिया राइट्स से बढ़ी कमाई

रिपोर्ट के अनुसार, डिजिटल प्लेटफॉर्म, बड़े प्रायोजक और मीडिया राइट्स की वजह से आईपीएल की कमाई में भी बड़ा उछाल आया है. 2026 सीजन में आईपीएल की कुल आय 1.8 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गई. इसी वजह से आईपीएल आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती खेल लीगों में अपनी जगह बना चुका है.

ये भी पढ़ें- Vande Mataram Bill: राज्यसभा में पास हुआ ‘वंदे मातरम’ बिल, जानिए नए कानून में क्या होंगे नियम