फास्ट चार्जिंग से खराब हो जाती है फोन की बैटरी? कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती, जान लीजिए सबकुछ

फास्ट चार्जिंग तकनीक ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की है. पहले जहां 30 वॉट की चार्जिंग को बेहतर माना जाता था, वहीं अब 100 वॉट और उससे अधिक की चार्जिंग आम हो गई है. लेकिन क्या इस तेज़ी से बैटरी को नुकसान भी हो सकता है? आइए जानते हैं.

is fast charging harmful for Smartphone battery know details
Image Source: Freepik

Fast Charging: आज के डिजिटल युग में हर कोई चाहता है कि उसका स्मार्टफोन जल्दी से जल्दी चार्ज हो जाए ताकि काम में देरी न हो. इसीलिए फास्ट चार्जिंग तकनीक ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की है. पहले जहां 30 वॉट की चार्जिंग को बेहतर माना जाता था, वहीं अब 100 वॉट और उससे अधिक की चार्जिंग आम हो गई है. लेकिन क्या इस तेज़ी से बैटरी को नुकसान भी हो सकता है? आइए जानते हैं.

चार्जिंग साइकिल और बैटरी की उम्र का रिश्ता

टेक्नोलॉजी वेबसाइट PCMag की रिपोर्ट के अनुसार, हर बार फोन चार्ज करने पर बैटरी का एक “चार्ज साइकिल” पूरा होता है. समय के साथ ये साइकिल बैटरी की क्षमता को प्रभावित करने लगती है. बैटरी के अंदर मौजूद इलेक्ट्रोलाइट सॉल्यूशन में नमक जमने लगते हैं, जिससे ऊर्जा का प्रवाह बाधित होता है और बैटरी कमजोर होती जाती है.

तेज चार्जिंग से बढ़ सकता है बैटरी पर दबाव

जब आप फास्ट चार्जर से फोन चार्ज करते हैं, तो बैटरी पर अधिक वोल्टेज और गर्मी पड़ती है. यह उसके आंतरिक ढांचे को कमजोर कर सकती है. लंबे समय तक उच्च वोल्टेज पर चार्जिंग करने से बैटरी ओवरहीट हो सकती है, जिससे उसकी कार्यक्षमता और जीवनकाल दोनों प्रभावित हो सकते हैं.

तकनीक ने दी राहत, लेकिन खतरा बरकरार

आज के स्मार्टफोन एडवांस बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम के साथ आते हैं, जो बैटरी को ज्यादा नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. कंपनियां हीट शील्ड, थर्मल लेयर, और कई गेमिंग फोन में कूलिंग फैन तक लगाती हैं ताकि बैटरी ज्यादा गर्म न हो. फिर भी, लगातार तेज चार्जिंग से बैटरी की लाइफ पर असर पड़ता है.

बार-बार फास्ट चार्जिंग से हो सकती है बैटरी की उम्र कम

कई रिपोर्ट्स बताती हैं कि जब बैटरी पूरी तरह से चार्ज हो जाने के बाद भी फास्ट चार्जर से चार्जिंग जारी रहती है, तो बैटरी में थर्मल स्ट्रेस और प्रेशर बढ़ जाता है. इससे बैटरी की हेल्थ खराब होती है. हालांकि, स्मार्टफोन निर्माता इसे नियंत्रित करने के लिए स्मार्ट चार्जिंग तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, पर सावधानी बरतना जरूरी है. फास्ट चार्जिंग ने हमारी जिंदगी आसान कर दी है, लेकिन इसका लगातार उपयोग आपकी बैटरी की उम्र को घटा सकता है. अगर आप चाहते हैं कि आपका फोन लंबे समय तक अच्छा काम करे, तो कभी-कभी सामान्य या धीमी चार्जिंग करना बेहतर होगा. तेजी से चार्ज करना सुविधाजनक है, लेकिन धीमी चार्जिंग से आपकी बैटरी सुरक्षित और दीर्घायु बनेगी.

ये भी पढ़ें: Mozilla और Chrome यूजर्स सावधान! ब्राउजर्स में मिली खतरनाक खामी, मंडरा रहा हैकिंग का खतरा, फौरन करें ये काम