दिवाली से पहले IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप सर्विस हुई डाउन, लाखों यात्री परेशान!

दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के चलते देशभर से लाखों लोग अपने घरों को जाने के लिए रेलवे टिकट बुक करने में जुटे हैं. लेकिन इस महत्वपूर्ण समय पर भारतीय रेलवे की आधिकारिक बुकिंग वेबसाइट और मोबाइल ऐप अचानक बंद हो गई है.

IRCTC Mobile app and website down many travlers tensed
Image Source: Freepik

दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के चलते देशभर से लाखों लोग अपने घरों को जाने के लिए रेलवे टिकट बुक करने में जुटे हैं. लेकिन इस महत्वपूर्ण समय पर भारतीय रेलवे की आधिकारिक बुकिंग वेबसाइट और मोबाइल ऐप अचानक बंद हो गई है, जिससे यात्रियों को टिकट बुकिंग में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. तकनीकी खराबी के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है, जिससे फंसे हुए यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.


दिवाली और छठ के मौके पर हर साल यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है. खासकर तब जब लोग अपने घर परिवार से जुड़ने के लिए तत्काल टिकट बुक करते हैं. लेकिन इस बार जब सुबह 10 से 11 बजे के बीच टिकट बुकिंग का सबसे ज्यादा दबाव होता है, तब IRCTC की वेबसाइट और ऐप पूरी तरह से डाउन हो गए. इस वजह से न तो वेबसाइट खोल पा रहे हैं और न ही ऐप के जरिए कोई ऑपरेशन संभव हो पा रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हजारों लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं और अपनी परेशानी बता रहे हैं.

वेबसाइट पर दिख रहा डाउनटाइम का संदेश

जब भी लोग वेबसाइट खोलने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें एक संदेश दिखाई देता है जिसमें कहा गया है कि अगले एक घंटे तक टिकट बुकिंग और कैंसिलेशन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी. इसके साथ ही उपयोगकर्ताओं को असुविधा के लिए खेद जताया गया है. टिकट कैंसिलेशन और टीडीआर फाइलिंग के लिए कस्टमर केयर नंबर या ईमेल आईडी पर संपर्क करने की सलाह दी गई है.

यूजर्स का गुस्सा और सवाल

सोशल मीडिया पर यात्रियों का गुस्सा साफ नजर आ रहा है. एक यूजर ने लिखा, “हर साल यही समस्या, दिवाली के समय IRCTC तत्काल टिकट बुकिंग में फेल हो जाता है. जब तक साइट खुलती है, सारे टिकट खत्म हो जाते हैं. आखिर ऐसा कैसे हो सकता है जब ये जानते हैं कि त्योहारों के दौरान भारी भीड़ आएगी?” कई अन्य यात्रियों ने भी इसी तरह की शिकायतें की हैं.

तत्काल टिकट बुकिंग का समय और परेशानी

IRCTC की वेबसाइट पर सुबह 10 बजे से एसी श्रेणी के तत्काल टिकटों की बुकिंग शुरू होती है, जबकि नॉन-एसी टिकटों की बुकिंग सुबह 11 बजे से शुरू होती है. इस समय वेबसाइट का ठप होना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है, क्योंकि इस दौरान टिकट बुकिंग की मांग सबसे ज्यादा होती है. इस तकनीकी खामी के कारण कई लोग टिकट न मिलने से निराश हो रहे हैं. इस बार भी त्योहारों पर IRCTC की सेवा में आई यह रुकावट यात्रियों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है. उम्मीद की जाती है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालकर वेबसाइट और ऐप की सेवाएं सुचारू रूप से चलेंगी ताकि यात्री अपने सफर की योजना बिना किसी बाधा के बना सकें.

यह भी पढ़ें: 'दूसरो को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है', ख्वाजा आसिफ के बयान पर भारत की दो टूक