भारत आने वाले विमान पर हमला! अमेरिका पर भड़का ईरान, लगाया 'युद्ध अपराध' का आरोप, जानें पूरा मामला

रान ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके एक नागरिक विमान को अमेरिकी हमले में नुकसान पहुंचा है. यह विमान भारत आने वाला था और एक मानवीय मिशन का हिस्सा था.

Iran enraged by American attack on aircraft coming to India amid war
Image Source: Social Media

तेहरान: ईरान ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके एक नागरिक विमान को अमेरिकी हमले में नुकसान पहुंचा है. यह विमान भारत आने वाला था और एक मानवीय मिशन का हिस्सा था. घटना के बाद ईरान ने इसे गंभीर मामला बताते हुए ‘युद्ध अपराध’ करार दिया है और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है.

ईरानी सूत्रों के अनुसार यह विमान महान एयर का था, जो मशहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर खड़ा था. उसी दौरान उस पर कथित हमला हुआ, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा. बताया गया कि विमान उड़ान भरने की तैयारी में था.

नई दिल्ली के लिए था मानवीय मिशन

यह विमान नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था. इसमें दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की बड़ी खेप मौजूद थी. यह उड़ान भारत और ईरान के बीच चल रहे मानवीय सहयोग का हिस्सा मानी जा रही थी.

हाल ही में दोनों देशों के बीच राहत सामग्री के आदान-प्रदान में तेजी आई है. इस महीने की शुरुआत में भारत की ओर से भी ईरान को मदद भेजी गई थी, जिसके लिए ईरान ने आभार जताया था.

मानवीय सहायता पर हमला बताया

ईरान ने इस घटना को राहत कार्यों पर सीधा हमला बताया है. अधिकारियों के अनुसार इससे न केवल विमान को नुकसान पहुंचा, बल्कि मानवीय सहायता से जुड़े कामकाज पर भी असर पड़ सकता है.

ईरान के नागरिक उड्डयन संगठन ने बयान जारी कर इस घटना की निंदा की. भारत में ईरानी मिशन ने भी इसे साझा किया. संगठन का कहना है कि विमान कई देशों से लाई गई दवाएं और चिकित्सा उपकरण ले जा रहा था, इसलिए इस पर हमला अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ है.

अंतरराष्ट्रीय समझौतों का हवाला

ईरान ने अपने बयान में कई वैश्विक समझौतों का जिक्र किया है, जैसे

  • शिकागो कन्वेंशन 1944
  • मॉन्ट्रियल कन्वेंशन 1971
  • जिनेवा कन्वेंशन अतिरिक्त प्रोटोकॉल-1

इन नियमों के अनुसार नागरिक विमानों और मानवीय सहायता को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय अपराध माना जाता है.

अमेरिका की ओर से कोई पुष्टि नहीं

इस मामले में संयुक्त राज्य अमेरिका की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या पुष्टि सामने नहीं आई है. घटना की स्वतंत्र रूप से भी पुष्टि नहीं हो सकी है.

महान एयर ईरान की प्रमुख निजी एयरलाइंस में से एक है और यह लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में है.
संयुक्त राज्य अमेरिका का आरोप है कि इसके संबंध इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स से हैं और यह क्षेत्रीय गतिविधियों में शामिल रही है. हालांकि ईरान इन आरोपों से इनकार करता रहा है.