India Oman Vessel Attack: होर्मुज स्ट्रेट में एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. ओमान के तट के पास हुए इस हमले में GFS Galaxy नाम के जहाज पर 11 भारतीय नागरिक मौजूद थे.
भारत सरकार ने जानकारी दी है कि इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस हमले की निंदा की है और बताया है कि ओमान में भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. दूतावास ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान में मदद कर रहा है.
विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज GFS Galaxy पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है. मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर मौजूद 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की तलाश जारी है. भारत ने इस पूरे अभियान में सहयोग करने के लिए ओमान सरकार का धन्यवाद भी किया है.
Our statement on the attack on a commercial vessel off the coast of Oman ⬇️
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) July 12, 2026
🔗 https://t.co/JtqdfO6iJ0 pic.twitter.com/V6jD6zJOtx
भारत ने तनाव कम करने की अपील की
भारत ने कहा कि समुद्री रास्तों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं. विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने की अपील की है.
भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर चलने वाले व्यापारिक जहाजों और नागरिक ठिकानों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. साथ ही समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही को अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जल्द सामान्य किया जाना चाहिए.
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट बंद करने का किया ऐलान
यह घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. ईरान ने दावा किया है कि उसकी सैन्य संस्था इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर कार्रवाई की. ईरान का कहना है कि जहाज तय समुद्री रास्ते की जगह दूसरे मार्ग से जा रहा था.
IRGC के मुताबिक, कई जहाजों को निर्धारित शिपिंग कॉरिडोर से गुजरने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन कुछ जहाजों ने इसका पालन नहीं किया. ईरान ने इस कार्रवाई को चेतावनी के तौर पर की गई फायरिंग बताया और इसके बाद होर्मुज स्ट्रेट को अगली सूचना तक बंद करने की घोषणा कर दी.
अमेरिका ने बताया नागरिक जहाज पर हमला
वहीं अमेरिका ने इस घटना को एक नागरिक कमर्शियल जहाज पर किया गया हमला बताया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, हमले में जहाज के इंजन रूम को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद जहाज में आग लग गई. इसके बाद चालक दल के सदस्यों को लाइफबोट की मदद से जहाज छोड़ना पड़ा. अमेरिका का कहना है कि इस घटना में एक नागरिक क्रू सदस्य लापता है.
ये भी पढ़ें- Surya Grahan: दो साल बाद लगेगा पूर्ण सूर्य ग्रहण, आसमान में होगा दुर्लभ नजारा, क्या भारत में दिखेगा?