Indian Army Agniveer Result 2026: भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. इंडियन आर्मी ने अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. जिन अभ्यर्थियों ने 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में भाग लिया था, वे अब अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. सेना ने परिणाम अलग-अलग आर्मी भर्ती कार्यालय (ARO) और ट्रेड के अनुसार पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किए हैं. सफल उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होंगे.
इन पदों के लिए घोषित हुआ परिणाम
अग्निवीर भर्ती के तहत कई श्रेणियों के अभ्यर्थियों का रिजल्ट जारी किया गया है. इनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) तथा महिला सैन्य पुलिस के पद शामिल हैं. जारी पीडीएफ में चयनित उम्मीदवारों के रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, संबंधित ARO, श्रेणी, ट्रेड और आगे की चयन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी गई है.
ऐसे देखें और डाउनलोड करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा.
इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध Agniveer सेक्शन में जाकर Final Result विकल्प का चयन करें. वहां अपने ARO और संबंधित ट्रेड के अनुसार उपलब्ध पीडीएफ डाउनलोड करें. डाउनलोड की गई सूची में Ctrl F की सहायता से अपना रोल नंबर या अन्य विवरण आसानी से खोजा जा सकता है.
अब होगी शारीरिक दक्षता और मेडिकल जांच
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा. इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test - PET) और मेडिकल परीक्षण शामिल हैं. इन दोनों चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवार ही अंतिम मेरिट सूची में जगह बना पाएंगे.
दौड़ के नियमों में किया गया बदलाव
इस बार सेना ने शारीरिक परीक्षा के कुछ मानकों में बदलाव किया है. उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के लिए अधिकतम 6 मिनट 15 सेकंड का समय दिया जाएगा. दौड़ में प्रदर्शन के आधार पर 60, 48, 36 और 24 अंक निर्धारित किए गए हैं. इसके अलावा 10 पुल-अप्स पूरे करने पर अधिकतम 40 अंक दिए जाएंगे. वहीं 9 फीट लंबी कूद (Long Jump) और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट केवल क्वालिफाइंग प्रकृति के होंगे. यानी इनमें केवल पास होना आवश्यक होगा, इनके लिए अलग से अंक नहीं जोड़े जाएंगे.
अंतिम चयन से पहले पूरी करनी होगी सभी प्रक्रियाएं
भारतीय सेना ने स्पष्ट किया है कि केवल लिखित परीक्षा पास करना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है. अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल जांच और अन्य निर्धारित औपचारिकताओं को सफलतापूर्वक पूरा करना होगा. सभी चरणों में प्रदर्शन और पात्रता के आधार पर ही उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा. इसलिए सफल अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने दस्तावेज तैयार रखें और शारीरिक परीक्षा की तैयारी शुरू कर दें.
ये भी पढ़ें- 'दाऊद ने बम रखवाया है...' मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी! आधी रात आए एक फोन ने मचा दी सनसनी