ईरान ने होर्मुज में कमर्शियल जहाज पर किया हमला, 11 भारतीय थे सवार, विदेश मंत्रालय ने दिया अपडेट

ओमान तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नजदीक कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई है.

Mea Responds Iran attacked a commercial vessel in Hormuz 11 Indians were on board
Image Source: ANI

ओमान तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नजदीक कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई है. मंत्रालय ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि जहाज पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों को लगातार निशाना बनाया जाना बेहद गंभीर मामला है. भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहे.

जहाजों और व्यापारिक रास्तों की सुरक्षा जरूरी

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रहनी चाहिए. साथ ही व्यापारिक जहाजों और आम लोगों से जुड़े जरूरी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.

भारत ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करते हुए समुद्री मार्गों को सुरक्षित रखने की मांग दोहराई है.

अमेरिका ने ईरान को बताया जिम्मेदार

बता दें कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास GFS गैलेक्सी जहाज पर हुए हमले के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है.

अमेरिका ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है और इसके जवाब में ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की है. अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान से जुड़े कई ठिकानों को निशाना बनाया है.

लापता भारतीय नाविक की तलाश जारी

हमले के समय जहाज पर 11 भारतीय नाविक मौजूद थे. इनमें से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की तलाश जारी है.

अधिकारियों के अनुसार, लापता नाविक को खोजने के लिए अभियान चलाया जा रहा है.

इस घटना के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते टकराव को देखते हुए चिंता है कि स्थिति फिर से बड़े संघर्ष में बदल सकती है.

ये भी पढ़ें- ईरान ने बंद किया होर्मुज स्ट्रेट, मिडिल ईस्ट में फिर छिड़ी जंग... क्या महंगा होगा पेट्रोल-डीजल?