इस गेंदबाज के सामने वैभव सूर्यवंशी का बल्ला रहता है खामोश, IPL 2026 में बने सबसे कंजूस बॉलर

Mohsin Khan Bowling: चोट के कारण पूरा एक सीजन बाहर रहने के बाद अगर कोई गेंदबाज वापसी करे और सीधे बल्लेबाजों पर कहर बन जाए, तो वह कहानी अपने आप में खास बन जाती है. आईपीएल 2026 में कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है.

IPL 2026 Vaibhav Suryavanshi bat remains silent in front of mohsin khan becomes the most stingy bowler
Image Source: ANI/ File


Mohsin Khan Bowling: चोट के कारण पूरा एक सीजन बाहर रहने के बाद अगर कोई गेंदबाज वापसी करे और सीधे बल्लेबाजों पर कहर बन जाए, तो वह कहानी अपने आप में खास बन जाती है. आईपीएल 2026 में कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. एक तेज गेंदबाज ने अपनी घातक गेंदबाजी से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को भी परेशानी में डाल दिया है, खासकर पावरप्ले में.

यह गेंदबाज हैं लखनऊ सुपर जायंट्स के मोहसिन खान. चोट के चलते वह पिछले सीजन में पूरी तरह बाहर थे, लेकिन इस बार उन्होंने जोरदार वापसी की है और अपनी टीम के लिए मैच विनर साबित हो रहे हैं.

इकाना स्टेडियम में शानदार प्रदर्शन

रविवार, 26 अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में लखनऊ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. कप्तान ऋषभ पंत का यह फैसला गेंदबाजों ने सही साबित कर दिया. टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया.

पावरप्ले में मेडन ओवर

मोहसिन खान ने इस मैच में लखनऊ की तरफ से दूसरा ओवर डाला. इस ओवर में उनके सामने अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे और टिम साइफर्ट थे. लेकिन दोनों ही बल्लेबाज इस ओवर में एक भी रन नहीं बना सके.

ओवर की आखिरी गेंद पर मोहसिन ने टिम साइफर्ट को आउट कर दिया. इस पूरे ओवर में सिर्फ एक रन लेग-बाय के रूप में आया, जो गेंदबाज के खाते में नहीं जुड़ता. इस तरह यह ओवर मेडन रहा और साथ ही विकेट भी मिला.

लगातार दूसरा शानदार प्रदर्शन

यह कोई पहली बार नहीं था जब मोहसिन ने ऐसा किया हो. इससे पहले भी वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उन्होंने पावरप्ले में एक ऐसा ओवर डाला जिसमें उन्होंने वैभव सूर्यवंशी जैसे आक्रामक बल्लेबाज को पूरी तरह रोक दिया. 

उन्होंने लगातार 5 गेंदों तक कोई रन नहीं दिया और फिर छठी गेंद पर उन्हें आउट भी कर दिया. वहीं, सीजन के अपने पहले ही मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भी उन्होंने मेडन ओवर फेंका था.

इस सीजन में सबसे अलग गेंदबाजी

अब तक इस सीजन में मोहसिन खान ने कुल 3 मेडन ओवर डाल दिए हैं. यह आंकड़ा इसलिए और खास हो जाता है क्योंकि पूरे आईपीएल 2026 में अब तक कुल 5 मेडन ओवर ही हुए हैं, जिनमें से 3 अकेले मोहसिन के नाम हैं.

शानदार इकॉनमी और विकेट

मोहसिन की गेंदबाजी सिर्फ मेडन ओवर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वह लगातार विकेट भी निकाल रहे हैं. उन्होंने अब तक 4 मैचों में 16 ओवर फेंके हैं. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 6.37 की इकॉनमी से रन दिए हैं, जो बहुत ही शानदार माना जाता है. इसके साथ ही उन्होंने 9 विकेट भी अपने नाम किए हैं.

वापसी के बाद धमाकेदार असर

चोट से वापसी के बाद जिस तरह मोहसिन खान ने प्रदर्शन किया है, उसने लखनऊ सुपर जायंट्स को मजबूत स्थिति में ला दिया है. पावरप्ले में उनकी गेंदबाजी विपक्षी टीमों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है. उनकी सटीक लाइन-लेंथ और लगातार दबाव बनाने वाली गेंदबाजी ने इस सीजन में उन्हें सबसे खास गेंदबाजों में शामिल कर दिया है.

ये भी पढ़ें- उत्तर भारत को कब मिलेगी भीषण गर्मी से राहत? बारिश को लेकर आया IMD का बड़ा अपडेट