IPL 2026: IPL 2026 के शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है. इस बार टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी. यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की याद में लिया गया है.
दरअसल, साल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपना पहला IPL खिताब जीता था. इसके बाद 4 जून को जश्न के दौरान शहर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भगदड़ मच गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.
इसी दुखद घटना को ध्यान में रखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी को रद्द करने का फैसला किया है.
बेंगलुरु में ही होगा पहला मुकाबला
IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. पहले ही मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे.
यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा. ऐसे में उसी शहर में ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन न करने का फैसला और भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
क्या क्लोजिंग सेरेमनी होगी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भले ही ओपनिंग सेरेमनी नहीं होगी, लेकिन टूर्नामेंट के अंत में क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जा सकती है. IPL 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा और इसी दिन समापन समारोह होने की संभावना जताई जा रही है.
पहले भी टल चुकी है ओपनिंग सेरेमनी
यह पहली बार नहीं है जब IPL की ओपनिंग सेरेमनी को रद्द किया गया है. इससे पहले साल 2019 में भी ऐसा हुआ था, जब पुलवामा आतंकी हमला में शहीद हुए CRPF जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए ओपनिंग सेरेमनी नहीं की गई थी. उस समय समारोह के लिए निर्धारित धनराशि शहीदों के परिवारों को दी गई थी.
IPL 2025 की ओपनिंग सेरेमनी कोलकाता में आयोजित हुई थी, जिसमें कई बड़े सितारों ने शानदार प्रदर्शन किया था. इसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, दिशा पाटनी और करण औजला जैसे कलाकार शामिल रहे थे.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी 28 मार्च को करेंगे नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन, कब से उड़ने लगेंगी फ्लाइट? जानें खास बातें