MI vs CSK: आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में एक ऐसा वाकया देखने को मिला, जिसने फैंस को हैरान कर दिया. मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए इस मैच में मुंबई की टीम ने कुल 13 खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा. खास बात यह रही कि इनमें से एक खिलाड़ी न तो प्लेइंग इलेवन का हिस्सा था और न ही उसे इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल किया गया था, फिर भी उसने बल्लेबाजी की.
मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 207 रन का मजबूत स्कोर बनाया. इस पारी के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने 54 गेंदों में 101 रन बनाकर नाबाद शतकीय पारी खेली. यह इस सीजन में उनका दूसरा शतक था और आईपीएल करियर का पांचवां.
मुंबई की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते गए और पूरी टीम 19 ओवर में सिर्फ 104 रन पर सिमट गई.
सूर्यकुमार यादव (36 रन) और तिलक वर्मा (37 रन) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका. इस खराब प्रदर्शन के चलते मुंबई को 103 रनों की बड़ी हार झेलनी पड़ी.
13वां खिलाड़ी कैसे उतरा मैदान पर?
इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा का विषय रहा मुंबई का 13वां खिलाड़ी. यह खिलाड़ी थे शार्दुल ठाकुर. वह न तो प्लेइंग इलेवन में शामिल थे और न ही इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में चुने गए थे, लेकिन इसके बावजूद वह बल्लेबाजी के लिए मैदान पर आए.
दरअसल, मुंबई इंडियंस ने पहले ही अल्लाह गजनफर की जगह दानिश मालेवर को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल कर लिया था. इसके बाद दूसरी पारी के 13वें ओवर में, जब नूर अहमद ने लगातार दो गेंदों पर हार्दिक पांड्या और शेरफेन रदरफोर्ड को आउट किया, तब शार्दुल ठाकुर बल्लेबाजी करने उतरे.
कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर मिला मौका
शार्दुल ठाकुर का मैदान पर उतरना नियमों के तहत ही हुआ. वह दरअसल मिचेल सैंटनर के कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में शामिल किए गए थे.
सैंटनर पहली पारी के दौरान कैच पकड़ने की कोशिश में चोटिल हो गए थे. चोट लगने से पहले उन्होंने 4 ओवर में 44 रन देकर 1 विकेट लिया था. कंधे में चोट के कारण वह आगे मैच में हिस्सा नहीं ले सके, जिसके बाद उनकी जगह शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया.
हालांकि शार्दुल इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और 12 गेंदों में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए.
ये भी पढ़ें- Sachin Tendulkar Birthday: 53 साल के हुए 'क्रिकेट के भगवान', देखें सचिन तेंदुलकर के 53 ऐतिहासिक रिकॉर्ड