IPL 2026: शानदार पारी के बाद भी अभिषेक शर्मा पर गिरी गाज, लगा 25% जुर्माना, एक डिमेरिट पॉइंट भी मिला

इंडियन प्रीमियर लीग के एक मुकाबले के बाद अभिषेक शर्मा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. सनराइजर्स हैदराबाद के इस युवा बल्लेबाज पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है.

IPL 2026 KKR vs SRH Abhishek Sharma fined also got one demerit point
Image Source: ANI

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के एक मुकाबले के बाद अभिषेक शर्मा पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है. सनराइजर्स हैदराबाद के इस युवा बल्लेबाज पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है.

यह सजा उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के कारण मिली. अभिषेक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मैच रेफरी के फैसले को मान लिया है.

ताबड़तोड़ पारी के बावजूद लगा जुर्माना

इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने महज 21 गेंदों में 48 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 34 गेंदों में 82 रन जोड़ दिए, जिससे टीम को मजबूत आधार मिला.

इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने 52 रनों की अहम पारी खेली. इन पारियों की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 226 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.

केकेआर की बल्लेबाजी रही नाकाम

227 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई. अंगकृष रघुवंशी ने 52 रनों की पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला.

टीम के उपकप्तान रिंकू सिंह ने 25 गेंदों में 35 रन बनाए, लेकिन रन-आउट और तालमेल की कमी के कारण टीम की स्थिति और बिगड़ गई. अंततः पूरी टीम 161 रनों पर सिमट गई.

गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

सनराइजर्स हैदराबाद की जीत में गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा. जयदेव उनादकट सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए.

इसके अलावा ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि हर्ष दुबे को भी एक सफलता मिली.

ये भी पढ़ें- ट्रंप टैरिफ के एक साल पूरे, 'ट्रेड वॉर' में अमेरिका पर भारी पड़ा भारत! अपनी शर्तों पर कराया समझौता