CSK vs LSG: लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिए IPL 2026 का सफर भले ही मुश्किलों से भरा रहा हो और प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म नजर आ रही हों, लेकिन टीम के कुछ खिलाड़ी जाते-जाते बड़ा धमाका करने में जुटे हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने ऐसा तूफान मचाया कि चेपॉक स्टेडियम में बैठे दर्शक भी हैरान रह गए.
लखनऊ के लिए ओपनिंग करते हुए इंग्लिस ने सिर्फ 17 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने महज 3.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए और अपने सबसे तेज टीम फिफ्टी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. खास बात यह रही कि तीन साल पहले भी लखनऊ ने यही रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ही बनाया था.
लंबे इंतजार के बाद मिली वापसी, आते ही मचा दिया तहलका
10 मई को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी की. इस मैच में जॉश इंग्लिस की टीम में वापसी हुई. इंग्लिस इस सीजन के शुरुआती आठ मुकाबलों में टीम से बाहर रहे थे. इसके बाद उन्होंने नौवें मैच में वापसी की, लेकिन उसी मैच में चोटिल हो गए और अगला मुकाबला नहीं खेल सके. अब चोट से उबरने के बाद जब उन्हें चेन्नई के खिलाफ मौका मिला तो उन्होंने आते ही मैच का रुख बदल दिया.
पावरप्ले में चौके-छक्कों की बरसात
इंग्लिस ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया. उन्होंने चेन्नई के गेंदबाजों को पावरप्ले के अंदर ही दबाव में ला दिया. मैदान के लगभग हर हिस्से में उन्होंने चौके और छक्के लगाए. उनकी बल्लेबाजी में सबसे खास बात रिवर्स स्कूप शॉट्स रहे, जिनका इस्तेमाल कर उन्होंने गेंदबाजों की लाइन और लेंथ पूरी तरह बिगाड़ दी.
इंग्लिस ने सिर्फ 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इन 17 गेंदों में उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए. यानी उनके पहले 50 रन में से 48 रन सिर्फ बाउंड्री से आए. उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार इतनी तेज थी कि चेन्नई के गेंदबाज कोई जवाब नहीं ढूंढ पाए.
मिचेल मार्श के साथ बनाई तूफानी साझेदारी
मिशेल मार्शके साथ इंग्लिस ने शुरुआती ओवरों में ही तेजी से रन बटोरे. दोनों बल्लेबाजों के बीच 77 रन की साझेदारी हुई, जिसमें अकेले इंग्लिस ने 66 रन बनाए. हालांकि वह शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली. अपनी इस पारी में इंग्लिस ने 10 चौके और 6 छक्के जमाए. उनकी स्ट्राइक रेट और शॉट चयन ने मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया.
चेन्नई के खिलाफ फिर बना खास रिकॉर्ड
इंग्लिस की तूफानी बल्लेबाजी का असर पूरी टीम पर दिखाई दिया. लखनऊ सुपर जायंट्स ने सिर्फ 3.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए. यह टीम के IPL इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी में से एक रही. दिलचस्प बात यह है कि लखनऊ ने इससे पहले भी 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ही 3.4 ओवर में 50 रन पूरे किए थे. अब तीन साल बाद एक बार फिर चेन्नई के खिलाफ वही रिकॉर्ड दोहराया गया.
प्लेऑफ की उम्मीदें कमजोर, लेकिन बल्लेबाजों ने दिखाई ताकत
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए इस सीजन प्लेऑफ का रास्ता बेहद मुश्किल हो चुका है, लेकिन टीम के बल्लेबाज लगातार आक्रामक क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं. इंग्लिस की यह पारी टीम के लिए सिर्फ एक बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं थी, बल्कि इसने यह भी दिखाया कि लखनऊ के बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस करने की क्षमता रखते हैं.
ये भी पढ़ें- योगी कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों की एंट्री, भूपेंद्र चौधरी समेत 6 नेता बने मंत्री; देखें पूरी लिस्ट