IPL 2026: DC vs RR मैच में वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड, 3 छक्के लगाते ही रच देंगे इतिहास

IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास आज एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है.

IPL 2026 DC vs RR Vaibhav Suryavanshi aims to hit most sixes in a season
Image Source: ANI

DC vs RR: IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास आज एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है. दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में अगर वैभव तीन छक्के लगाने में सफल रहते हैं, तो वह एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है.

दिल्ली और राजस्थान के बीच यह मुकाबला सिर्फ प्लेऑफ की जंग के लिहाज से ही अहम नहीं है, बल्कि वैभव सूर्यवंशी के लिए भी ऐतिहासिक साबित हो सकता है. राजस्थान रॉयल्स की टीम अभी प्लेऑफ की रेस में मजबूत स्थिति में बनी हुई है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा माना जा रहा है. अगर दिल्ली यह मुकाबला हार जाती है, तो उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी.

15 साल की उम्र में मचा रहे हैं धमाल

वैभव सूर्यवंशी ने बहुत कम उम्र में जिस तरह का खेल दिखाया है, उसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. केवल 15 साल की उम्र में यह बल्लेबाज बड़े-बड़े गेंदबाजों पर हावी होता नजर आ रहा है. उनकी बल्लेबाजी की सबसे खास बात यह है कि वह शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हैं और बड़े शॉट खेलने से बिल्कुल नहीं डरते.

पावरप्ले हो या डेथ ओवर, वैभव हर परिस्थिति में गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि इस सीजन में वह लगातार छक्कों की बारिश कर रहे हैं और अब रिकॉर्ड बुक में अपनी जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच चुके हैं.

अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड खतरे में

IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड फिलहाल अभिषेक शर्मा के नाम है. उन्होंने IPL 2024 में 42 छक्के लगाए थे. अब वैभव सूर्यवंशी इस रिकॉर्ड को तोड़ने की दहलीज पर खड़े हैं.

वैभव इस सीजन अब तक 40 छक्के जड़ चुके हैं. यानी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अगर उनके बल्ले से तीन और छक्के निकलते हैं, तो वह अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए नया भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे.

दूसरे सीजन में ही बने सुपरस्टार

वैभव सूर्यवंशी IPL का केवल अपना दूसरा सीजन खेल रहे हैं, लेकिन उनके प्रदर्शन ने उन्हें लीग के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल कर दिया है. पिछले सीजन में उन्होंने तेजतर्रार बल्लेबाजी से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था और सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था.

उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर नया इतिहास रच दिया था. उनकी इसी विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें युवा क्रिकेटरों में सबसे चर्चित नाम बना दिया है.

क्या टूट सकता है क्रिस गेल का रिकॉर्ड?

अगर IPL इतिहास की बात करें तो एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है. गेल ने 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 59 छक्के लगाए थे. यह रिकॉर्ड अब तक कायम है.

वैभव सूर्यवंशी फिलहाल 40 छक्कों पर हैं. अगर राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ और फाइनल तक पहुंचती है, तो उनके पास इस रिकॉर्ड के करीब पहुंचने का मौका रहेगा. हालांकि इसके लिए उन्हें अभी 20 और छक्कों की जरूरत होगी, जो चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए इसे पूरी तरह नामुमकिन भी नहीं कहा जा सकता.

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  • 59 छक्के – क्रिस गेल (RCB, 2012)
  • 52 छक्के – आंद्रे रसेल (KKR, 2019)
  • 51 छक्के – क्रिस गेल (RCB, 2013)
  • 45 छक्के – जोस बटलर (RR, 2022)
  • 44 छक्के – क्रिस गेल (RCB, 2011)
  • 42 छक्के – अभिषेक शर्मा (SRH, 2024)

अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या वैभव सूर्यवंशी दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरकर भारतीय बल्लेबाजों के छक्कों का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर पाते हैं या नहीं.

ये भी पढ़ें- IPL 2026: KKR की जीत से और रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस, रूक गया GT का विजयी रथ, देखें पॉइंट्स टेबल