IPL 2026 CSK Squad: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. आईपीएल के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है. चेन्नई की टीम अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी.
इस बार सीएसके की टीम पहले से काफी बदली हुई नजर आएगी. पिछले सीजन में टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने बड़ा बदलाव करते हुए युवा खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा जताया है. टीम अब अनुभव और युवा जोश के मिश्रण के साथ मैदान में उतरने वाली है.
इन खिलाड़ियों पर रहेगा भरोसा
टीम की कमान एक बार फिर ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है. वह शीर्ष क्रम में टीम को मजबूती देते हैं. वहीं महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन में भी फिनिशर की भूमिका निभाते नजर आएंगे. उनकी मौजूदगी टीम को अनुभव और आत्मविश्वास देती है.
मिडिल ऑर्डर में शिवम दुबे पावर हिटिंग के साथ-साथ गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं. इसके अलावा टीम में डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, उर्विल पटेल, नूर अहमद, नाथन एलिस, खलील अहमद, श्रेयस गोपाल, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, मुकेश चौधरी, जेमी ओवरटन और रामकृष्ण घोष जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं.
संजू सैमसन बने टीम का बड़ा ट्रेड
इस सीजन का सबसे बड़ा बदलाव स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का सीएसके में शामिल होना है. चेन्नई ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड के जरिए अपने साथ जोड़ा है. यह ट्रेड रविंद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान भेजकर किया गया. जडेजा लंबे समय तक सीएसके के अहम खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन अब वह अपनी पुरानी टीम के खिलाफ खेलते नजर आएंगे.
मिनी नीलामी में युवा खिलाड़ियों पर बड़ा निवेश
आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में भी सीएसके ने टीम को नया रूप दिया. फ्रेंचाइजी ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर बड़ा दांव लगाया. प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को 14.20-14.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया, जो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए. प्रशांत एक लेफ्ट आर्म स्पिनर और आक्रामक बल्लेबाज हैं, जबकि कार्तिक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं.
इसके अलावा टीम ने राहुल चाहर (5.2 करोड़), अकील होसेन (2 करोड़), मैट हेनरी (2 करोड़), मैथ्यू शॉर्ट (1.5 करोड़), सरफराज खान (75 लाख), अमान खान (40 लाख) और जैक फॉल्क्स (75 लाख) को भी अपने साथ जोड़ा है.
टीम की ताकत और कमजोरियां
सीएसके की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत बल्लेबाजी मानी जा रही है. ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे और महेंद्र सिंह धोनी जैसे बल्लेबाज टीम को शीर्ष से लेकर आखिरी ओवर तक मजबूती देते हैं. स्पिन अटैक भी काफी मजबूत है. नूर अहमद, राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल, अकील होसेन और प्रशांत वीर चेपॉक की पिचों पर अहम भूमिका निभा सकते हैं.
हालांकि तेज गेंदबाजी विभाग टीम की कमजोरी माना जा रहा है. खलील अहमद, नाथन एलिस और मैट हेनरी अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन टीम में कोई बेहद तेज और विश्व स्तरीय स्पीडस्टर नहीं है. इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी की उम्र और फिटनेस को संभालना भी टीम के लिए एक बड़ी चुनौती हो सकती है.
सीएसके का पूरा स्क्वॉड
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी, संजू सैमसन, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, उर्विल पटेल, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, नूर अहमद, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, जैक फॉल्क्स, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, अकील होसेन, मैट हेनरी और राहुल चाहर.
ये भी पढ़ें- स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से निकलेंगे भारत के सभी जहाज, नौसेना ने संभाली कमान! नहीं होगी तेल और LPG की कमी