इंस्टाग्राम पर हैशटैग का खूब करते हैं इस्तेमाल? अब लगने वाली है लिमिट! जान लें ये नया अपडेट

सोशल मीडिया की दुनिया में हैशटैग वह चाबी हैं जो कंटेंट को सही दर्शकों तक पहुंचाती है. लेकिन अब इंस्टाग्राम इस चाबी का साइज छोटा करने की तैयारी में है. यूज़र्स के बीच तेजी से यह चर्चा बढ़ रही है कि प्लेटफॉर्म पोस्ट में लगाए जाने वाले हैशटैग की संख्या पर बड़ी कटौती करने का टेस्ट कर रहा है.

Instagram testing three hashting limits will be soon added on a post
Image Source: Freepik

सोशल मीडिया की दुनिया में हैशटैग वह चाबी हैं जो कंटेंट को सही दर्शकों तक पहुंचाती है. लेकिन अब इंस्टाग्राम इस चाबी का साइज छोटा करने की तैयारी में है. यूज़र्स के बीच तेजी से यह चर्चा बढ़ रही है कि प्लेटफॉर्म पोस्ट में लगाए जाने वाले हैशटैग की संख्या पर बड़ी कटौती करने का टेस्ट कर रहा है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंस्टाग्राम कुछ चुनिंदा यूज़र्स को तीन से अधिक हैशटैग जोड़ने पर एक चेतावनी दिखा रहा है. जैसे ही यूज़र चौथा हैशटैग लगाते हैं, नोटिस स्क्रीन पर उभर आता है. हालांकि इंस्टाग्राम ने अभी तक इस फीचर को आधिकारिक रूप से लॉन्च नहीं किया है. माना जा रहा है कि यह अभी ट्रायल फेज़ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्लेटफॉर्म पर हैशटैग के अत्यधिक उपयोग को नियंत्रित करना है.

क्यों बढ़ी है लिमिट घटाने की जरूरत

लंबे समय से इंस्टाग्राम हैशटैग के ज़रिए कंटेंट डिस्कवरी को बढ़ावा देता आया है. इनके आधार पर पोस्ट सर्च रिज़ल्ट, टॉपिकल लिस्ट और रिकमेंडेशन फीड में जगह बनाते थे. अभी तक यूज़र्स एक पोस्ट में 30 तक हैशटैग इस्तेमाल कर सकते थे. लेकिन अत्यधिक और अप्रासंगिक हैशटैग के उपयोग ने प्लेटफॉर्म की क्वालिटी को प्रभावित किया है, इसी वजह से नई लिमिट की कोशिश देखी जा रही है.

केवल तीन हैशटैग  नया नियम?

ड्रॉयडऐप की रिपोर्ट ने बताया कि कई यूज़र्स को पोस्ट बनाते समय एक रेस्ट्रिक्शन मैसेज दिखा, जिसमें कहा गया कि “केवल तीन हैशटैग की अनुमति है.” इस बदलाव को देखकर यूज़र्स हैरान हैं, क्योंकि हैशटैग की कटौती सीधे कंटेंट की रीच पर असर डाल सकती है.

सभी अकाउंट्स पर लागू नहीं हुआ बदलाव

दिलचस्प बात यह है कि यह लिमिट हर यूज़र को नहीं दिख रही. कुछ अकाउंट्स अभी भी पुराने नियम यानी 30 हैशटैग की फ्रीडम का इस्तेमाल कर पा रहे हैं, जबकि कुछ को नई पाबंदी का सामना करना पड़ रहा है. इससे साफ है कि इंस्टाग्राम अभी डेटा इकट्ठा कर रहा है ताकि यह समझ सके कि नई लिमिट उपयोगकर्ताओं के व्यवहार और कंटेंट एंगेजमेंट पर कितना प्रभाव डालती है.

इंस्टाग्राम की मौजूदा सलाह

फिलहाल इंस्टाग्राम की आधिकारिक गाइडलाइन यूज़र्स को 3-5 प्रासंगिक हैशटैग इस्तेमाल करने की सलाह देती है. भले ही प्लेटफॉर्म 30 तक की मंजूरी देता रहा है, लेकिन नए ट्रायल से साफ है कि इंस्टाग्राम भविष्य में हैशटैग की शक्ति को सीमित करने का रास्ता चुन सकता है.

यह भी पढ़ें: प्राइवेट कॉन्टेंट पर नहीं...सेफ रहेगा डेटा; जानें किन-किन चीजों पर रहेगी संचार ऐप की नजर