Instagram पर आ गया धांसू अपडेट, क्या है इंटरएक्टिव मैप फीचर, कैसे करेगा काम? जानें इसकी खासियत

Instagram Map Feature: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने भारतीय यूज़र्स के लिए अपना नया इंटरएक्टिव मैप फीचर पेश किया है. इस फीचर की मदद से अब आप ऐप के अंदर ही किसी भी लोकेशन से जुड़ी पोस्ट, रील्स, स्टोरीज़ और नोट्स को आसानी से देख और साझा कर सकेंगे.

Instagram new map feature How it works and what makes it special
Image Source: Freepik

Instagram Map Feature: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने भारतीय यूज़र्स के लिए अपना नया इंटरएक्टिव मैप फीचर पेश किया है. इस फीचर की मदद से अब आप ऐप के अंदर ही किसी भी लोकेशन से जुड़ी पोस्ट, रील्स, स्टोरीज़ और नोट्स को आसानी से देख और साझा कर सकेंगे. खास बात यह है कि आप अपनी प्राइवेसी को भी पूरी तरह से नियंत्रित कर सकते हैं, ताकि आपकी लोकेशन केवल उन्हीं लोगों के साथ साझा हो जिन्हें आप चाहें.

क्या है नया मैप फीचर और कैसे काम करेगा?

यह फीचर पहले कुछ देशों में उपलब्ध था और अब भारत में भी इसे लॉन्च किया गया है. यूज़र्स को अपनी लोकेशन शेयरिंग पर पूरा अधिकार मिलेगा. आप तय कर सकते हैं कि आपकी लोकेशन किसे दिखाई दे, कुछ खास दोस्तों को या पूरे ग्रुप को. अगर आप चाहें तो इसे पूरी तरह से बंद भी रख सकते हैं. यह फीचर iOS और एंड्रॉइड दोनों प्लेटफॉर्म पर काम करता है और धीरे-धीरे सभी यूज़र्स को उपलब्ध कराया जाएगा.

प्राइवेसी को लेकर खास इंतज़ाम

इंस्टाग्राम ने इस फीचर में प्राइवेसी को सर्वोपरि रखा है. यदि कोई यूज़र अपनी लोकेशन शेयर नहीं करना चाहता तो वह फोन की सेटिंग्स से लोकेशन परमिशन डिसेबल कर सकता है. साथ ही, किशोर यूज़र्स के लिए पैरेंटल कंट्रोल भी जोड़ा गया है. यदि किसी किशोर का अकाउंट सुपरवाइज़्ड है तो उसके माता-पिता को लोकेशन एक्टिव होने पर नोटिफिकेशन मिलेगा और वे इसे मैनेज भी कर सकेंगे.

आसपास की जगहों की गतिविधियां अब आपके स्क्रीन पर

इस नए मैप फीचर की सबसे बड़ी खासियत है कि आप अपने आस-पास की जगहों से जुड़ी गतिविधियों, ट्रेंडिंग पोस्ट्स और इवेंट्स को सीधे मैप पर देख पाएंगे. किसी भी लोकेशन से जुड़ी सामग्री 24 घंटे तक मैप पर रहेगी और इसे आप DM इनबॉक्स के जरिए भी एक्सेस कर सकते हैं. इससे आपको अपने आसपास हो रही ताजा गतिविधियों की जानकारी मिलेगी.

नया इंटरफेस और बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव

इंस्टाग्राम ने मैप फीचर के इंटरफेस में भी कई सुधार किए हैं. अब मैप के ऊपर एक विजुअल इंडिकेटर दिखेगा जो बताता है कि लोकेशन शेयरिंग ऑन है या ऑफ. साथ ही, प्रोफाइल फोटो के नीचे नोट्स ट्रे में एक छोटा इंडिकेटर यह दर्शाएगा कि लोकेशन शेयरिंग बंद है. इसके अलावा, मैप पर टैग की गई पोस्ट्स से प्रोफाइल फोटो हटाने का निर्णय लिया गया है ताकि यूज़र्स के लिए स्पष्ट हो कि किस कंटेंट का लाइव लोकेशन से कोई संबंध नहीं है.

पब्लिश करने से पहले मिलेगा प्रीव्यू का विकल्प

अब जब कोई यूज़र स्टोरी, पोस्ट या रील में लोकेशन टैग करेगा, तो उसे पहले रिमाइंडर मिलेगा कि यह कंटेंट मैप पर दिखाई देगा. साथ ही, पब्लिश करने से पहले वह देख सकेगा कि उसका कंटेंट मैप पर कैसा दिखेगा. इससे यूज़र्स को अपने कंटेंट की गोपनीयता और नियंत्रण का बेहतर अनुभव मिलेगा. 

ये भी पढ़ें: अब PhonePe, Paytm और गूगल पे को टक्कर देने आ गया है...Zoho का Payment साउंडबॉक्स