इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में शनिवार सुबह धरती के तेज झटकों ने लोगों को दहला दिया. अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 7.7 दर्ज की गई और इसका केंद्र जमीन के भीतर महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था. स्थानीय समयानुसार सुबह 5:58 बजे आए इस शक्तिशाली भूकंप का केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में बताया गया है. फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है.
सुनामी की चेतावनी, समुद्र से दूर रहने की अपील
भूकंप के बाद इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भू-भौतिकी एजेंसी ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी. अधिकारियों ने तटीय इलाकों और नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को तत्काल सतर्क रहने तथा समुद्र और नदी के किनारों से दूर जाने की सलाह दी है. प्रशासन संभावित समुद्री लहरों की गतिविधि पर लगातार नजर रख रहा है और तटीय इलाकों में लगे टाइड गेज के आंकड़ों की निगरानी की जा रही है.
ऊंचे इलाकों में जाने की सलाह
अधिकारियों के अनुसार यह समुद्र के नीचे आया उथला भूकंप था, जिसका केंद्र फ्लोरेस द्वीप के आसपास बताया गया है. ऐसे में तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए समुद्री लहरों का खतरा बढ़ सकता है. प्रभावित इलाकों के निवासियों से कहा गया है कि वे किसी भी असामान्य समुद्री हलचल का इंतजार किए बिना सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं. प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
‘रिंग ऑफ फायर’ पर होने से ज्यादा खतरा
इंडोनेशिया दुनिया के सबसे अधिक भूकंप और ज्वालामुखी प्रभावित देशों में शामिल है. 17 हजार से अधिक द्वीपों में फैला यह देश प्रशांत महासागर के चारों ओर मौजूद ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र का हिस्सा है. इस इलाके में कई सक्रिय टेक्टोनिक प्लेट सीमाएं और ज्वालामुखी मौजूद हैं, जिसके कारण यहां भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां अक्सर देखने को मिलती हैं.
प्रशासन अलर्ट, समुद्री गतिविधियों पर पैनी नजर
7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद इंडोनेशियाई अधिकारी संभावित सुनामी के खतरे को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं. तटीय इलाकों में लोगों को समुद्र और नदी के किनारों से दूरी बनाए रखने तथा सुरक्षित ऊंचाई वाले स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है. फिलहाल बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों की निगरानी जारी है और समुद्री जलस्तर में किसी भी बदलाव को गंभीरता से देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत आएंगे ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान, BRICS समिट में होंगे शामिल