स्वतंत्रता दिवस पर CM थलपति विजय का बड़ा ऐलान, नवजात बच्चों को मिलेगी सोने की अंगूठी

Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री थलपति विजय ने नवजात बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को ध्यान में रखते हुए एक खास पहल का ऐलान किया है.

tamil-nadu-newborn-gold-ring-scheme-vijay-announcement
Image Source: Social Media

Tamil Nadu Gold Ring Scheme: तमिलनाडु में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री थलपति विजय ने नवजात बच्चों और जरूरतमंद परिवारों को ध्यान में रखते हुए एक खास पहल का ऐलान किया है. योजना के तहत 15 सितंबर 2026 से राज्य में जन्म लेने वाले पात्र नवजात शिशुओं को सोने की अंगूठी उपहार में दी जाएगी. सरकार इस योजना पर करीब 755.83 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इसका उद्देश्य नवजात के जन्म को यादगार बनाने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मदद पहुंचाना बताया गया है. पात्र परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सोने की अंगूठी दी जाएगी.

तमिल संस्कृति की परंपरा को सरकारी योजना से जोड़ा

तमिलनाडु में बच्चे के जन्म पर उसके मामा की ओर से सोने का उपहार देने की पारंपरिक प्रथा रही है. इसी भावनात्मक परंपरा को आधार बनाते हुए सरकार ने खुद को राज्य के हर बच्चे का ‘मामा’ बताते हुए इस पहल की घोषणा की है. विजय का कहना है कि सरकार इसी रिश्ते को निभाते हुए नवजात बच्चों का स्वागत सोने की अंगूठी से करेगी. इस योजना से सरकारी अस्पतालों में प्रसव को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ाने की भी उम्मीद जताई गई है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी का खर्च करीब 1,364 रुपये आता है, जबकि निजी अस्पतालों में यही खर्च 63 हजार रुपये से अधिक हो सकता है.

गरीब परिवारों के लिए राहत का दावा

सरकार का कहना है कि इस पहल का सबसे बड़ा लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिल सकता है. नवजात के जन्म के समय मिलने वाला सोने का उपहार परिवार के लिए आर्थिक सहारा भी बन सकता है. योजना को सरकारी अस्पतालों से जोड़ने की स्थिति में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है. इससे एक तरफ परिवारों को आर्थिक मदद मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की कोशिश भी होगी.

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख का संदेश

स्वतंत्रता दिवस पर अपने पहले संबोधन में विजय ने प्रशासन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक मामलों में केंद्र सरकार के साथ सहयोग किया जाएगा, लेकिन राज्य के अधिकारों के खिलाफ जाने वाली नीतियों का विरोध जारी रहेगा. विजय ने दावा किया कि उनकी सरकार के खिलाफ काम करने वाली ताकतों और साजिशों को नाकाम किया जाएगा. उन्होंने भ्रष्टाचार को खत्म करने को भी आजादी के लक्ष्य से जोड़ते हुए कहा कि सरकारी राजस्व को निजी हाथों में जाने से रोकने और विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है.

ये भी पढ़ें: फ्री ऑनलाइन कोचिंग से लेकर न्यूक्लियर एनर्जी तक... लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी के कई बड़े ऐलान