Sudarshan Chakra: आज जब दुनिया की सुरक्षा चुनौतियाँ पहले से कहीं ज़्यादा जटिल और खतरनाक हो चुकी हैं, भारत अब सिर्फ सतर्क नहीं बल्कि सक्रिय होकर कदम बढ़ा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से अपने ऐतिहासिक संबोधन में "मिशन सुदर्शन चक्र" की घोषणा करके देश को एक नया सुरक्षा संकल्प दिया. यह मिशन सिर्फ एक डिफेंस प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि यह उस भारत की सोच को दर्शाता है जो अब किसी भी खतरे के लिए पहले से तैयार रहना चाहता है और वो भी अपनी तकनीक, अपनी ताकत और अपनी इच्छाशक्ति के बल पर.
क्या है मिशन सुदर्शन चक्र?
'सुदर्शन चक्र' का नाम सुनते ही हमारी स्मृतियों में भगवान श्रीकृष्ण का वह चक्र घूमने लगता है, जिसने युद्धभूमि में न केवल सूरज को ढक दिया था, बल्कि पांडवों को बचाने के लिए समय और दिशा दोनों को मोड़ दिया था. अब इसी ऐतिहासिक और पौराणिक प्रतीक को आधुनिक तकनीक के साथ मिलाकर भारत सरकार ने एक ऐसा सुरक्षा कवच तैयार करने का सपना देखा है, जो हमारी धरती, आकाश और सीमाओं को हर तरह के खतरे से बचा सकेगा.
यह मिशन एक बहुस्तरीय एयर डिफेंस सिस्टम के निर्माण की योजना है, जो भारत के सबसे अहम रणनीतिक केंद्रों जैसे ISRO, परमाणु ऊर्जा संयंत्र, रक्षा संस्थान और सीमावर्ती इलाके को एक अत्याधुनिक तकनीकी सुरक्षा कवच में समेट देगा. इसे एक ऐसी "अदृश्य ढाल" कहा जा सकता है, जो भारत के दुश्मनों की आंखों से भी छिपा रहेगा, लेकिन उनका हर वार रोकने में सक्षम होगा.
क्यों जरूरी है यह हाई-टेक सुरक्षा कवच?
हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर और अन्य रणनीतिक गतिविधियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत को अब केवल पारंपरिक सुरक्षा उपायों से संतोष नहीं करना चाहिए. हमारे दुश्मन ड्रोन से लेकर हाइपरसोनिक मिसाइलों तक की तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में भारत को एक ऐसा सुरक्षा तंत्र चाहिए जो न सिर्फ इन खतरों को पहचान सके, बल्कि उनसे निपटने के लिए त्वरित और सटीक प्रतिक्रिया भी दे सके.
मौजूदा समय में हमारे पास आकाश मिसाइल सिस्टम, S-400 ट्रायंफ और क्विक रिएक्शन सर्फेस टू एयर मिसाइल सिस्टम (QR-SAM) जैसे ताकतवर डिफेंस सिस्टम मौजूद हैं. लेकिन मिशन सुदर्शन चक्र इन सभी को एकीकृत और अपग्रेड करके एक ऐसा "अम्ब्रेला डिफेंस नेटवर्क" तैयार करेगा, जो शॉर्ट, मीडियम और लॉन्ग रेंज के खतरों को एक साथ निष्क्रिय करने की क्षमता रखेगा.
भारत की टेक्नोलॉजिकल शक्ति का प्रतीक
मिशन सुदर्शन चक्र केवल सुरक्षा की दृष्टि से नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को हाल ही में इस मिशन का विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया, और उसके बाद एक उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी गई है, जो इसके चरणबद्ध कार्यान्वयन की योजना बनाएगी.
इस परियोजना में भविष्य की तकनीकों जैसे लेजर इंटरसेप्टर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-आधारित थ्रेट डिटेक्शन सिस्टम और एकीकृत कमांड और कंट्रोल नेटवर्क का इस्तेमाल होगा. यानी यह कवच न सिर्फ हमला रोकेगा, बल्कि यह खुद निर्णय लेने की क्षमता भी रखेगा- तेज, सटीक और आत्मनिर्भर.
चरणबद्ध तरीके से होगा निर्माण
इस मेगा प्रोजेक्ट की लागत काफी ज्यादा होगी, इसलिए इसे एक बार में लागू करना संभव नहीं है. योजना यह है कि पहले सबसे संवेदनशील और उच्च प्राथमिकता वाले स्थानों जैसे कि अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (ISRO), परमाणु प्लांट्स और सीमावर्ती सैन्य ठिकानों को सुरक्षा कवच से जोड़ा जाएगा. इसके बाद धीरे-धीरे पूरे देश को इस हाई-टेक सुरक्षा ढांचे के अंतर्गत लाया जाएगा.
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यदि सब कुछ योजना के अनुसार चला, तो 2035 तक भारत के पास एक पूर्ण और स्वदेशी एयर डिफेंस नेटवर्क होगा, जो न सिर्फ हर खतरे को निष्क्रिय करेगा, बल्कि दुश्मन को तुरंत और प्रभावी जवाब भी देगा.
ये भी पढ़ें- अमेरिका ने भारत को दिया एक और बड़ा झटका, ईरान के चाबहार बंदरगाह पर लगाएगा प्रतिबंध, जानें पूरा मामला