एशिया कप के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड तैयार, सूर्यकुमार यादव को मिली कप्तानी, गिल बने उप कप्तान

Asia Cup 2025: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है. एशिया कप 2025 के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम की घोषणा हो चुकी है और इस बार टीम इंडिया एक नए नेतृत्व के साथ मैदान में उतरने को तैयार है.

Indian team squad is ready for Asia Cup 2025 Suryakumar Yadav becomes captain
Image Source: Social Media

Asia Cup 2025: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है. एशिया कप 2025 के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम की घोषणा हो चुकी है और इस बार टीम इंडिया एक नए नेतृत्व के साथ मैदान में उतरने को तैयार है. भारत ने टूर्नामेंट के लिए सूर्यकुमार यादव को कप्तान और शुभमन गिल को उपकप्तान नियुक्त किया है. यह मल्टी नेशन टूर्नामेंट 9 सितंबर से शुरू होकर क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर भारत-पाकिस्तान जैसी हाई-वोल्टेज टक्कर का गवाह बनाएगा.

सूर्या के नेतृत्व में उतरेगी युवा ब्रिगेड

टीम इंडिया ने इस बार युवा चेहरों पर भरोसा जताया है. 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. उनकी अनुपस्थिति में अब युवा खिलाड़ी टीम की कमान संभाल रहे हैं. सूर्यकुमार यादव को कप्तानी और शुभमन गिल को उपकप्तानी का जिम्मा सौंपा गया है. टीम में कई नए चेहरों को मौका मिला है, वहीं कुछ पुराने नाम बाहर हो गए हैं.

गिल की वापसी, अय्यर-जायसवाल बाहर

शुभमन गिल की इस फॉर्मेट में वापसी चर्चा का विषय रही है. वे उपकप्तान बनकर टीम के मजबूत स्तंभ के रूप में उभरे हैं. वहीं यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी इस बार स्क्वॉड में जगह नहीं बना सके. विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन और जितेश शर्मा को चुना गया है. ऑलराउंडर्स की बात करें तो हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे और अक्षर पटेल टीम में शामिल हैं.

14 सितंबर को होगा भारत-पाक महामुकाबला

भारत एशिया कप 2025 में अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगा, लेकिन फैंस की नजरें 14 सितंबर पर टिकी होंगी, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. ग्रुप स्टेज, सुपर-4 और फाइनल—यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो फैंस को इस टूर्नामेंट में तीन बार भारत-पाक मुकाबला देखने को मिल सकता है.

टीम इंडिया करेगी टाइटल डिफेंड

भारत एशिया कप की डिफेंडिंग चैंपियन है. 2023 में हुए पिछले टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने खिताब अपने नाम किया था. इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा क्योंकि 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर तैयारी की जा रही है. ऐसे में भारत के लिए यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों की फिटनेस और कॉम्बिनेशन आजमाने का शानदार मौका होगा.

टीम इंडिया का पूरा स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह.

ये भी पढ़ें: Asia Cup से ठीक पहले भारतीय फैंस के लिए बुरी खबर, इस स्टार खिलाड़ी का हुआ एक्सिडेंट