नौसेना में शॉर्ट सर्विस कमीशन के तहत 260 पदों पर भर्ती, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन, पढ़ें पूरा क्राइटेरिया

Indian Navy Recruitment 2026: अगर आप भारतीय नौसेना में अफसर बनकर देश की सेवा करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर आया है.

Indian Navy SSC Officer Recruitment 2026 check details
Image Source: ANI

Indian Navy Recruitment 2026: अगर आप भारतीय नौसेना में अफसर बनकर देश की सेवा करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर आया है. भारतीय नौसेना ने जनवरी 2027 के लिए शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC) ऑफिसर के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के जरिए कुल 260 पदों पर चयन किया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवारों को निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा.

कुल कितने पदों पर होगी भर्ती?

भारतीय नौसेना इस भर्ती के जरिए एग्जीक्यूटिव, टेक्निकल और एजुकेशन ब्रांच में ऑफिसर नियुक्त करेगी. एग्जीक्यूटिव ब्रांच के तहत कुल 76 पद हैं, जिसमें हाइड्रो कैडर के 6 पद भी शामिल हैं. इसके अलावा पायलट के 25, नेवल एयर ऑपरेशंस ऑफिसर (ऑब्जर्वर) के 20, और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) के 18 पदों पर भर्ती की जाएगी. वहीं, लॉजिस्टिक्स ब्रांच में 10, एजुकेशन ब्रांच में 15 पद होंगे. टेक्निकल ब्रांच के तहत इंजीनियरिंग ब्रांच में 42, सबमरीन टेक्निकल इंजीनियरिंग में 8 और इलेक्ट्रिकल ब्रांच में 38 पदों पर भर्ती की जाएगी. इस प्रकार कुल 260 पदों पर चयन किया जाएगा.

आवेदन के लिए क्या होनी चाहिए योग्यता?

शॉर्ट सर्विस कमीशन ऑफिसर के पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास बीई या बीटेक की डिग्री होनी चाहिए. कुछ ब्रांचों में संबंधित विषय में मास्टर डिग्री, जैसे MSc, MCA, फिजिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी या अन्य तकनीकी विषयों की डिग्री भी मान्य होगी. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी चयनित ब्रांच से संबंधित पूरी योग्यता जानकारी आधिकारिक नोटिफिकेशन से जरूर प्राप्त करें.

आयु सीमा क्या होगी?

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा ब्रांच के हिसाब से अलग-अलग तय की गई है. सामान्य रूप से उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2002 से 1 जुलाई 2006, 1 जुलाई 2007 या 1 जनवरी 2008 के बीच होना चाहिए. प्रत्येक पद के लिए आयु सीमा अलग-अलग निर्धारित की गई है, इसलिए विस्तृत जानकारी के लिए नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें.

वेतन और भत्ते

चयनित उम्मीदवारों को SSC ऑफिसर के रूप में लेवल-10 के तहत वेतन मिलेगा, जिसकी शुरुआती सैलरी करीब 56,100 रुपये प्रति माह होगी. इसके अलावा महंगाई भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी. यह एक आकर्षक वेतन पैकेज है, जो उम्मीदवारों को देश सेवा की ओर प्रेरित करता है.

चयन प्रक्रिया कैसे होगी?

इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी. उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर किया जाएगा. शॉर्टलिस्ट होने के बाद उम्मीदवारों को एसएसबी (SSB) इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. एसएसबी इंटरव्यू के बाद एक मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी और उसी आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा. 

कैसे करें आवेदन?

उम्मीदवार भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindiannavy.gov.in पर जायें.
सबसे पहले वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करें.
इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरें.
जिसमें जरूरी जानकारी और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें.
फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट या पीडीएफ अपने पास सुरक्षित रखें.

ये भी पढ़ें: MPESB Vacancy: मध्य प्रदेश में ITI ट्रेनिंग ऑफिसर बनने का सुनहरा मौका, बंपर पदों पर निकली भर्ती