यमन के समुद्री क्षेत्र से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. हमले के बाद जहाज समुद्र में पलटकर डूब गया, जिससे कुछ समय के लिए चालक दल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि यमन के कोस्ट गार्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जहाज पर मौजूद सभी भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब लाल सागर और उसके आसपास का समुद्री क्षेत्र पहले से ही सुरक्षा चुनौतियों और बढ़ते तनाव का सामना कर रहा है.
सभी भारतीय नाविकों की बची जान
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारतीय मैकेनाइज्ड सेलिंग वेसल MSV Faize Noore Oliya पर यमन के समुद्री इलाके में प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. हमले के प्रभाव से जहाज पलट गया और अंततः समुद्र में डूब गया. उन्होंने कहा कि यमन के कोस्ट गार्ड ने तुरंत राहत अभियान चलाया और जहाज पर मौजूद सभी 14 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिनमें 13 भारतीय नागरिक शामिल हैं. सभी को सुरक्षित मोखा बंदरगाह पहुंचा दिया गया है.
सर्बानंद सोनोवाल ने इस हमले को पूरी तरह अस्वीकार्य बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि बिना किसी उकसावे के एक निहत्थे भारतीय वाणिज्यिक पोत पर हमला बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने दोहराया कि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों और समुद्री कर्मचारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने राहत जताई कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और संबंधित एजेंसियां उनके हर संभव सहयोग के लिए लगातार सक्रिय हैं.
हमलावर की पहचान स्पष्ट नहीं
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहाज पर हमला किस संगठन या समूह ने किया. हालांकि यमन के आसपास के समुद्री क्षेत्र में पहले भी ईरान समर्थित हूती विद्रोही कई अंतरराष्ट्रीय जहाजों को निशाना बना चुके हैं. यही कारण है कि इस हमले के बाद भी संदेह की सुई उसी दिशा में देखी जा रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी भी पक्ष की जिम्मेदारी की पुष्टि नहीं हुई है. इस घटना ने एक बार फिर लाल सागर के समुद्री मार्गों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों पर बढ़ते खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
इस पूरे मामले पर विदेश मंत्रालय ने भी आधिकारिक बयान जारी करते हुए 4 अगस्त 2026 को लाल सागर में भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत MSV Faize Noore Oliya पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है. मंत्रालय ने पुष्टि की कि हमले के बाद जहाज समुद्र में डूब गया, लेकिन उस पर सवार सभी 13 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है. विदेश मंत्रालय के अनुसार, रियाद स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और यमन के संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर चालक दल की सुरक्षा तथा आवश्यक सहायता सुनिश्चित कर रहा है.
ये भी पढ़ें: चांद से टकराएगा Falcon-9 रॉकेट का हिस्सा! 8700 Km/h की रफ्तार से होगी टक्कर, उठेगा 50 KM ऊंचा धूल का गुब्बार