टीवी पर म्यूजिक रियलिटी शोज़ की बात हो और 'इंडियन आइडल' का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. सालों से दर्शकों का दिल जीतता आ रहा ये शो अब एक नए अंदाज़ में लौट रहा है. जी हां, 'इंडियन आइडल' का 16वां सीज़न जल्द ही ऑन-एयर होने वाला है और इस बार थीम है — ‘यादों की प्लेलिस्ट’.
'इंडियन आइडल 16' की शुरुआत 18 अक्टूबर 2025 से की जा रही है. यह शो हर हफ्ते शनिवार और रविवार रात 8 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होगा. वहीं, जो दर्शक डिजिटल पर शो देखना पसंद करते हैं, वे इसे Sony LIV ऐप पर भी स्ट्रीम कर सकते हैं.
‘यादों की प्लेलिस्ट’ – एक थीम, जो दिल छू जाएगी
इस बार शो की थीम सिर्फ संगीत नहीं, संगीत में बसी यादों को समर्पित है. ‘यादों की प्लेलिस्ट’ का मकसद है. पुराने क्लासिक गानों को नए टैलेंट के साथ फिर से जिंदा करना. यह सीज़न न सिर्फ एक सिंगिंग कॉम्पिटिशन होगा, बल्कि हर गाना किसी न किसी याद को जीने का ज़रिया बनेगा.
जज पैनल में कौन-कौन हैं शामिल?
इस बार मंच पर होंगे तीन ऐसे चेहरे, जिनकी म्यूजिक इंडस्ट्री में खास पहचान है:
• विज़नरी कंपोज़र विशाल ददलानी
•सुरीली आवाज़ की मल्लिका श्रेया घोषाल
• हिट मशीन रैपर बादशाह
ये तीनों जज मिलकर न सिर्फ टैलेंट को परखेंगे, बल्कि क्लासिक गानों को नए स्टाइल में भी पेश करेंगे.
सोनी टीवी ने प्रोमो के साथ किया एलान
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पहला प्रोमो रिलीज़ करते हुए लिखा इमोशंस से भरपूर, सुरों से सजी यादों की प्लेलिस्ट के साथ इंडियन आइडल लौट रहा है 18 अक्टूबर से, रात 8 बजे.
2004 से अब तक एक लंबा और यादगार सफर
'इंडियन आइडल' की शुरुआत साल 2004 में हुई थी और तब से लेकर आज तक इस शो ने कई उभरते गायकों को स्टार बना दिया. नेहा कक्कड़, सलमान अली, अभिजीत सावंत जैसे कलाकार इसी मंच से निकले हैं और म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी जगह बना चुके हैं.
क्या बदले हुए जज और नई थीम फिर रचेंगे इतिहास?
हर सीजन के साथ इंडियन आइडल ने कुछ नया देने की कोशिश की है. इस बार सवाल यही है कि क्या जजों की नई केमिस्ट्री और थीम की गहराई दर्शकों को फिर से बांध पाएगी? क्या यह सीजन शो की TRP में फिर से जान फूंकेगा या बदलाव भारी पड़ेंगे?
यह भी पढ़ें: धमकी भरे कॉल, 1 करोड़ की डिमांड... कपिल शर्मा को धमकाने वाला गिरफ्तार, गैंगस्टर लिंक की पड़ताल जारी