क्या भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5वां टी20 मैच नहीं खेला जाएगा? कैसा है मौसम का हाल; पढ़ें AQI पर अपडेट

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टी20 सीरीज में लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया, जिससे फैंस का उत्साह पूरी तरह ठंडा पड़ गया. हैरानी की बात यह रही कि इस बार वजह बारिश नहीं, बल्कि घना स्मॉग और बेहद खराब दृश्यता रही.

India vs South Africa 5th test match will be played or not know aqi update
Image Source: Social Media

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टी20 सीरीज में लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा मुकाबला बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया, जिससे फैंस का उत्साह पूरी तरह ठंडा पड़ गया. हैरानी की बात यह रही कि इस बार वजह बारिश नहीं, बल्कि घना स्मॉग और बेहद खराब दृश्यता रही. प्रदूषण के चलते मैच रद्द होना भारतीय क्रिकेट के लिए एक नई और चिंताजनक तस्वीर पेश करता है. 

अब सबकी नजरें अहमदाबाद में होने वाले निर्णायक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां मौसम और एयर क्वालिटी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. उत्तर भारत में सर्दी बढ़ने के साथ-साथ प्रदूषण भी गंभीर रूप ले चुका है. एकाना स्टेडियम में बने हालात के बाद खिलाड़ी और दर्शक दोनों ही निराश नजर आए. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सीरीज का आखिरी मैच भी मौसम की भेंट चढ़ सकता है?

अहमदाबाद में होगा सीरीज का आखिरी मुकाबला

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांचवां और अंतिम टी20 मुकाबला शुक्रवार शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. लखनऊ की तुलना में अहमदाबाद का मैदान बेहतर खेल परिस्थितियों के लिए जाना जाता है. यहां अक्सर टी20 मुकाबलों में बड़े स्कोर और रोमांचक टक्कर देखने को मिलती है. फिलहाल भारत पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है. एक मुकाबला रद्द हो चुका है, ऐसे में मेजबान टीम ने सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली है. हालांकि दक्षिण अफ्रीका के पास अंतिम मैच जीतकर सीरीज को सम्मानजनक तरीके से खत्म करने का मौका जरूर रहेगा.

एयर क्वालिटी को लेकर क्यों बढ़ी चिंता?

लखनऊ में चौथे टी20 के दौरान हालात इतने खराब हो गए थे कि खिलाड़ियों के लिए मैदान पर उतरना भी संभव नहीं रहा. इसी मैच के दौरान हार्दिक पंड्या को मास्क पहने देखा गया, जिसके बाद प्रदूषण को लेकर बहस और तेज हो गई. अब अहमदाबाद में होने वाले फाइनल मुकाबले से पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) पर खास नजर रखी जा रही है. हाल के दिनों में अहमदाबाद का AQI ‘मध्यम’ से लेकर ‘संवेदनशील समूहों के लिए अस्वस्थ’ श्रेणी के बीच रहा है.

अहमदाबाद का AQI क्या संकेत देता है?

18 दिसंबर को अहमदाबाद का AQI करीब 139 दर्ज किया गया था. हालांकि 19 और 20 दिसंबर के बीच PM2.5 प्रदूषकों के कारण इसमें बढ़ोतरी की आशंका जताई गई. खबर लिखे जाने तक शहर का AQI 174 तक पहुंच चुका था, जिसे AQI.in ने ‘अस्वस्थ’ श्रेणी में रखा है.PM10 का स्तर लगभग 115 µg/m³ और PM2.5 का स्तर 89 µg/m³ दर्ज किया गया है.इसके बावजूद राहत की बात यह है कि दृश्यता पर कोई बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है. यानी स्मॉग इतना घना नहीं है कि खेल में बाधा बने.

लखनऊ से बेहतर हालात

सबसे अहम अंतर लखनऊ और अहमदाबाद के प्रदूषण स्तर में है. लखनऊ में चौथे टी20 के दौरान AQI करीब 490 तक पहुंच गया था, जो बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है. इसी कारण मैच को रद्द करने का फैसला लिया गया. हालांकि बाद में उत्तर प्रदेश सरकार ने कुछ रिपोर्ट्स को भ्रामक भी बताया था.इसके मुकाबले अहमदाबाद की स्थिति कहीं बेहतर है. भले ही हवा की गुणवत्ता पूरी तरह साफ न हो, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए फाइनल टी20 के रद्द होने का कोई बड़ा खतरा नजर नहीं आता. उम्मीद है कि मुकाबला तय समय पर खेला जाएगा और फैंस को सीरीज का रोमांचक अंत देखने को मिलेगा.

यह भी पढ़ें: SMAT Trophy: सयैद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जीत के बाद छलका ईशान किशन का दर्द, इस चीज का मलाल