IND vs PAK U19: एसीसी अंडर-19 एशिया कप 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी. दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में बारिश के कारण मैच को 20-20 ओवरों का कर दिया गया था. श्रीलंका ने भारत के सामने 139 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे भारतीय टीम ने 12 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया.
इस जीत के साथ भारत ने खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जहां उसका सामना 21 दिसंबर को दुबई में पाकिस्तान से होगा. दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया.
Through to the final! 👏
— BCCI (@BCCI) December 19, 2025
An impressive 8⃣-wicket victory for India U19 over Sri Lanka U19 in the semi-final. 🙌
Scorecard ▶️ https://t.co/C7k4wXuH0P#MensU19AsiaCup2025 pic.twitter.com/6hOhNpb9fh
लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई शुरुआत, फिर संभली भारतीय पारी
139 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. कप्तान आयुष म्हात्रे और टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव सूर्यवंशी जल्दी पवेलियन लौट गए. दोनों बल्लेबाजों को श्रीलंका के तेज गेंदबाज रसिथ निमसारा ने आउट किया. 25 रन के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम दबाव में नजर आई.
इसके बाद विहान मल्होत्रा और एरॉन जॉर्ज ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की. दोनों ने नाबाद साझेदारी करते हुए टीम को जीत तक पहुंचाया. एरॉन जॉर्ज ने 49 गेंदों पर 58 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और एक छक्का शामिल था. वहीं विहान मल्होत्रा ने 45 गेंदों पर 61 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के लगाए. इन दोनों बल्लेबाजों की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी ने भारत की जीत सुनिश्चित की.
श्रीलंका की पारी: शुरुआती झटकों से उबरने की कोशिश
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. ओपनर डुलनिथ सिगेरा केवल 1 रन बनाकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज किशन कुमार सिंह का शिकार बने. इसके बाद दीपेश देवेंद्रन ने दूसरे ओपनर विरन चामुदिथा को 19 रन पर आउट किया. कविजा गमागे रन आउट होकर पवेलियन लौटे, जिससे श्रीलंका का स्कोर 28 रन पर 3 विकेट हो गया.
यहां से कप्तान विमथ दिनसारा और चामिका हीनातिगाला ने पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी की. कनिष्क चौहान ने कप्तान दिनसारा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. दिनसारा ने 29 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 32 रन बनाए. इसके बाद कनिष्क चौहान ने किथमा विथानापथिराना को भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया.
विकेटकीपर बल्लेबाज आधम हिल्मी केवल 1 रन बनाकर खिलान पटेल का शिकार बने. इसके बाद चामिका हीनातिगाला और सेथमिका सेनेविरत्ने ने सातवें विकेट के लिए 52 रनों की अहम साझेदारी की, जिससे श्रीलंका 138 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका. हीनातिगाला ने 38 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि सेनेविरत्ने ने 22 गेंदों में 30 रन की तेज पारी खेली. इन दोनों बल्लेबाजों के विकेट हेनिल पटेल ने झटके.
टूर्नामेंट में भारत का अब तक का सफर रहा दमदार
भारतीय अंडर-19 टीम ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. ग्रुप स्टेज में भारत ने अपने तीनों मुकाबले बड़े अंतर से जीते. पहले मैच में भारत ने संयुक्त अरब अमीरात को 234 रनों से हराया था, जिसमें वैभव सूर्यवंशी ने 95 गेंदों पर 171 रन की विस्फोटक पारी खेली थी.
दूसरे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 90 रनों से शिकस्त दी, जबकि तीसरे मैच में मलेशिया को 315 रनों के भारी अंतर से हराया. इस दमदार प्रदर्शन के बाद सेमीफाइनल में भी भारत ने जीत की लय बरकरार रखी.
फाइनल में होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर
अब अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला 21 दिसंबर को दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड में खेला जाएगा, जहां भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार खेल दिखाया है, ऐसे में फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- सावधान! क्रिसमस के नाम पर मत कटवा लेना अपनी जेब, एक गलती कर देगी कंगाल, जानें स्कैम से कैसे बचें