India In UN: भारत ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से एक बार फिर साफ कहा है कि वह सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से कार्रवाई करता रहेगा. भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि आतंकवाद को समर्थन देने के गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने कहा कि भारत को अपनी सुरक्षा करने और सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है. उन्होंने यह बयान पाकिस्तान की ओर से दिए गए भारत विरोधी बयान के जवाब में दिया.
पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप
भारत ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देता रहा है. पी. हरीश ने कहा कि पाकिस्तान के बयान और उसके काम में बड़ा फर्क है. एक तरफ वह शांति की बात करता है, दूसरी तरफ आतंकवाद और कट्टरता को बढ़ावा देता है. उन्होंने कहा कि 1947 से ही पाकिस्तान लगातार भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल रहा है.
कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का बयान
इससे पहले पाकिस्तान के प्रतिनिधि आसिम इफ्तिखार अहमद ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मुद्दा उठाया था. उन्होंने दावा किया कि कई सालों बाद भी कश्मीर विवाद का समाधान नहीं हुआ है और इसके लिए भारत जिम्मेदार है. पाकिस्तान ने कहा कि कश्मीरी लोगों को आत्मनिर्णय का अधिकार मिलना चाहिए.
भारत ने दिया साफ जवाब
भारत ने पाकिस्तान के दावों को खारिज करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है. पी. हरीश ने कहा कि कश्मीर का भारत में विलय पूरी तरह कानूनी और स्थायी है. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान ने कई बार युद्ध और आतंकवाद के जरिए भारत की संप्रभुता का उल्लंघन किया है.
UN प्रस्ताव का भी किया जिक्र
भारत ने संयुक्त राष्ट्र के पुराने प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान को पहले अपने सैनिक कश्मीर से हटाने थे, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. भारत ने साफ किया कि पाकिस्तान लगातार कश्मीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता है, लेकिन भारत इस तरह की बयानबाजी को गंभीरता से नहीं लेता.
ये भी पढ़ें- TMC के साथ हुआ खेला! 100 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, CM शुभेंदु की बैठक में काकोली घोष समेत 6 विधायक शामिल