PM Modi Sweden Visit: नरेंद्र मोदी ने गोथेनबर्ग में आयोजित यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और स्वीडन के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्हें स्वीडन के सबसे बड़े सम्मान “ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार” से सम्मानित किया गया. पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान सिर्फ उनका नहीं, बल्कि भारत के 140 करोड़ लोगों और भारत-स्वीडन संबंधों को मजबूत बनाने वाले सभी लोगों का सम्मान है.
लोकतंत्र और विकास दोनों देशों की ताकत
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और स्वीडन के रिश्ते लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और मानव केंद्रित विकास पर आधारित हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देश इनोवेशन को विकास का बड़ा जरिया मानते हैं और सस्टेनेबिलिटी को साझा जिम्मेदारी समझते हैं. इसी वजह से दोनों देशों ने अपने रिश्तों को अब स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप तक बढ़ाने का फैसला किया है.
My remarks during the CEO Roundtable in Sweden. We are committed to boosting business ties between our nations. https://t.co/LMY6itZufK
— Narendra Modi (@narendramodi) May 17, 2026
भारत-स्वीडन साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर बनेगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के स्टार्टअप और रिसर्च सिस्टम को मजबूत करने के लिए भारत-स्वीडन साइंस एंड टेक्नोलॉजी सेंटर बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री ट्रांजिशन के लिए दोनों देश मिलकर लो-कार्बन इंडस्ट्रियल बदलाव पर काम कर रहे हैं और अब इसके तीसरे चरण को भी शुरू करने का फैसला लिया गया है.
ग्रीन एनर्जी और टेक्नोलॉजी पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में ग्रीन हाइड्रोजन, सर्कुलर इकोनॉमी और सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि अगर स्वीडन की तकनीक और भारत के बड़े स्तर को साथ जोड़ा जाए, तो दुनिया के लिए बेहतर क्लाइमेट सॉल्यूशन तैयार किए जा सकते हैं.
रक्षा क्षेत्र में भी बढ़ रहा सहयोग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और स्वीडन के बीच रक्षा क्षेत्र में भी साझेदारी लगातार बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि स्वीडिश कंपनियों का भारत में प्रोडक्शन यूनिट शुरू करना इस बात का संकेत है कि दोनों देश अब सिर्फ खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लंबी अवधि की औद्योगिक साझेदारी की ओर बढ़ रहे हैं.
भारत-यूरोप एफटीए से खुलेंगे नए मौके
कार्यक्रम में उर्सुला वॉन डेर लेयेन की मौजूदगी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के रिश्तों को नई दिशा देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि भारत-यूरोप फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से उद्योग, निवेश और इनोवेशन के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के नाम एक और वैश्विक उपलब्धि, स्वीडन ने शाही अवॉर्ड से किया सम्मानित; अब तक मिल चुके हैं 31 सम्मान