Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले ध्यान दें! मेडिकल किट में जरूर रख लें ये दवाएं

Amarnath Yatra 2026 Travelling Tips: 3 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली पवित्र अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त 2026 तक चलेगी. हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कठिन पहाड़ी रास्तों से होकर इस यात्रा को पूरा करते हैं.

amarnath-yatra-2026-essential-medicines-first-aid-checklist-guide
Image Source: ANI

Amarnath Yatra 2026 Travelling Tips: 3 जुलाई 2026 से शुरू होने वाली पवित्र अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त 2026 तक चलेगी. हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कठिन पहाड़ी रास्तों से होकर इस यात्रा को पूरा करते हैं. समुद्र तल से करीब 13 हजार फीट की ऊंचाई पर होने वाली यह यात्रा जितनी आध्यात्मिक होती है, उतनी ही शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण भी मानी जाती है. ऐसे में यात्रा पर निकलने से पहले जरूरी दवाइयों, मेडिकल किट, गर्म कपड़ों और आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी करना बेहद जरूरी है. सही तैयारी न केवल आपकी यात्रा को आसान बनाती है, बल्कि आपात स्थिति में बड़ी परेशानी से भी बचा सकती है.

फर्स्ट एड किट में जरूर रखें जरूरी दवाइयां

अमरनाथ यात्रा के दौरान मौसम और ऊंचाई के कारण अचानक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आ सकती हैं. इसलिए अपने साथ एक अच्छी तरह से तैयार फर्स्ट एड किट जरूर रखें. इसमें सिरदर्द, बुखार, शरीर दर्द, उल्टी और सामान्य संक्रमण के लिए जरूरी दवाइयां शामिल करें. यात्रा के दौरान छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं में यही दवाइयां तुरंत राहत देने में मदद कर सकती हैं.

बैंडेज और मेडिकल सामान रखना न भूलें

फर्स्ट एड किट में केवल दवाइयां ही नहीं, बल्कि प्राथमिक उपचार के लिए जरूरी मेडिकल सामान भी होना चाहिए. बैंडेज, एंटीसेप्टिक, गॉज, मेडिकल टेप और अन्य जरूरी फर्स्ट एड सामग्री अपने बैग में रखें. यदि आपको ऊंचाई पर होने वाली दिक्कतों की आशंका है तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार संबंधित दवा भी पहले से साथ रखें.

एनर्जी बनाए रखने के लिए रखें हल्के और पौष्टिक खाद्य पदार्थ

ऊंचाई वाले रास्तों पर ट्रैकिंग के दौरान शरीर को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है. इसलिए अपने बैग में ग्लूकोज, डार्क चॉकलेट, काजू, बादाम, किशमिश, टॉफी और इंस्टेंट सूप या चाय का पाउडर जरूर रखें. यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें ताकि शरीर हाइड्रेट रहे और थकान कम महसूस हो.

तबीयत बिगड़े तो तुरंत लें डॉक्टर की सलाह

अगर यात्रा के दौरान सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना, तेज सिरदर्द या कोई अन्य गंभीर परेशानी महसूस हो तो आगे बढ़ने की कोशिश न करें. अमरनाथ यात्रा मार्ग पर लगभग हर दो किलोमीटर की दूरी पर मेडिकल कैंप की सुविधा उपलब्ध रहती है. ऐसी स्थिति में तुरंत वहां मौजूद डॉक्टर से संपर्क करें और उनकी सलाह के अनुसार ही आगे की यात्रा जारी रखें.

बदलते मौसम के अनुसार रखें जरूरी सामान

अमरनाथ यात्रा के दौरान मौसम कभी भी बदल सकता है. इसलिए गर्म कपड़े, रेनकोट या बरसाती, छाता और वाटरप्रूफ जूते अपने साथ जरूर रखें. तेज धूप से बचाव के लिए सनस्क्रीन और धूप का चश्मा भी उपयोगी साबित होते हैं. रात या कम रोशनी में चलने की जरूरत पड़ने पर हेडलैंप या टॉर्च काम आ सकती है. इसके अलावा ट्रेकिंग स्टिक, वाटरप्रूफ बैग कवर और मोबाइल के लिए वाटरप्रूफ कवर भी साथ रखना बेहतर रहेगा.

जरूरी दस्तावेज हमेशा रखें अपने पास

यात्रा के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा जांच की जाती है. इसलिए अपना पहचान पत्र और यात्रा से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज हर समय अपने पास रखें. दस्तावेजों को सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध रखने से जांच प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

ये भी पढ़ें: Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, रजिस्ट्रेशन से परमिट तक... जानें पूरी गाइड