Hockey World Cup 2026: बेल्जियम और नीदरलैंड्स की मेजबानी में खेले जा रहे हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार आगाज किया है. स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को खेले गए अपने पहले पूल-डी मुकाबले में भारत ने वेल्स को 3-1 से हरा दिया.
भारतीय टीम ने पूरे मैच में अच्छा खेल दिखाया और शुरुआत से ही वेल्स पर दबाव बनाए रखा. कप्तान हरमनप्रीत सिंह एक बार फिर टीम के लिए स्टार साबित हुए. उन्होंने मैच में दो गोल किए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई.
पहले क्वार्टर में भारत ने बनाए दो गोल
मैच की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला. हालांकि कुछ ही देर में भारतीय खिलाड़ियों ने खेल पर पकड़ बनानी शुरू कर दी. भारत को 8वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला. युवा डिफेंडर संजय ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया. उन्होंने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गेंद को वेल्स के गोल में पहुंचा दिया.
इस गोल के साथ भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली.इसके कुछ मिनट बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इसे गोल में बदल दिया. उनका फ्लिक इतना तेज और सटीक था कि वेल्स के गोलकीपर के पास बचाव का कोई मौका नहीं था. इस तरह पहले क्वार्टर के खत्म होने तक भारत ने 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली.
दूसरे क्वार्टर में नहीं हुआ कोई गोल
दूसरे क्वार्टर में वेल्स ने अपने डिफेंस को मजबूत किया. उसने भारतीय खिलाड़ियों को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं दिए. भारत की ओर से सूरज करकेरा और मोहित ने कई बार हमला करने की कोशिश की, लेकिन वेल्स के डिफेंडरों ने उनके प्रयासों को रोक दिया. इस क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ और पहले हाफ का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम 2-0 से आगे रही.
तीसरे क्वार्टर में भारत ने बढ़त की और बढ़ाई
दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक खेल जारी रहा. भारत ने मिडफील्ड में अच्छी पकड़ बनाई और लगातार वेल्स के गोल पर दबाव बनाया. तीसरे क्वार्टर में भारत को इसका फायदा मिला. शानदार टीम प्ले के बाद भारत ने अपना तीसरा गोल कर दिया.
इस गोल से टीम की बढ़त 3-0 हो गई. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म दिखाई और भारत के लिए तीसरा गोल दागा. इस प्रदर्शन के बाद भारत की जीत लगभग तय नजर आने लगी.
आखिरी क्वार्टर में वेल्स ने की वापसी की कोशिश
मैच के आखिरी क्वार्टर में वेल्स ने वापसी की कोशिश की. टीम ने लगातार भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाया और 56वें मिनट में उसे इसका फायदा भी मिला. वेल्स ने एक फील्ड गोल करके स्कोर 3-1 कर दिया. इसके बाद मुकाबले में कुछ रोमांच जरूर बढ़ा, लेकिन भारतीय डिफेंस ने अपना संयम नहीं खोया.
भारत ने आखिरी मिनटों में वेल्स को कोई और मौका नहीं दिया और 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल-डी में शानदार शुरुआत की है. टीम की नजर अब अगले मुकाबलों में भी जीत हासिल कर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत करने पर होगी.
ये भी पढ़ें- फ्री ऑनलाइन कोचिंग से लेकर न्यूक्लियर एनर्जी तक... लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी के कई बड़े ऐलान