India Vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रायपुर में खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले की शुरुआत ऐसे मोड़ के साथ हुई, जिसकी उम्मीद भारतीय फैंस अब मज़ाक में ही करने लगे हैं. भारतीय कप्तानों के लिए टॉस मानो किसी बदकिस्मती की निशानी बन गया है.
लगातार 20 वनडे मैच हो चुके हैं और हर बार सिक्का भारत का साथ छोड़ चुका है. आखिरी बार भारतीय कप्तान ने टॉस 2023 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में जीता था, वो भी न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने. इसके बाद से कप्तान बदले—रोहित से गिल और फिर केएल राहुल—लेकिन नतीजा वही रहा, टॉस फिर हाथ से फिसल गया.
सोशल मीडिया पर ‘टॉस श्राप’ की चर्चा
टॉस हारने की इस आदत ने सोशल मीडिया पर भी काफी हलचल मचाई हुई है. फैंस मज़ेदार मीम और कमेंट्स के जरिए टीम इंडिया की किस्मत पर सवाल उठा रहे हैं. एक यूजर ने मजाक में लिखा, सिक्का शायद भारत को पसंद नहीं करता, अब तो किसी ज्योतिषी से सलाह ले लेनी चाहिए.
🚨 Toss 🚨#TeamIndia have been put into bat first.
— BCCI (@BCCI) December 3, 2025
Updates ▶️ https://t.co/oBs0Ns6SqR#INDvSA | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/d7YT7IVEu9
केएल राहुल का जवाब: “टॉस को लेकर दबाव है, लेकिन क्या किया जाए?”
टॉस हारने के बाद कप्तान केएल राहुल ने साफ कहा कि इस सिलसिले ने टीम पर मानसिक दबाव ज़रूर बढ़ाया है, लेकिन इसके लिए कोई ठोस उपाय भी नहीं है. उन्होंने बताया कि टीम पिछले मैच के प्रदर्शन से काफी उत्साहित है और वही रफ्तार रायपुर में भी बरकरार रखने की कोशिश की जाएगी. खिलाड़ियों की लय बेहतर है और पूरी टीम सकारात्मक सोच के साथ उतर रही है.
ओस बनेगी बड़ी चुनौती, गेंदबाज़ तैयार
राहुल ने ओस को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि भारत में इन दिनों जहां भी मैच हो रहे हैं, ओस का असर दिख रहा है. इससे गेंदबाजी पर असर पड़ता है, इसलिए टीम ने रणनीति में बदलाव करके इसे ध्यान में रखा है. राहुल के अनुसार, पिछली गेम में गेंदबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन किया था और वही आत्मविश्वास टीम की ताकत बनेगा. इस मैच में भी भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए बिना किसी बदलाव के मैदान में उतरा है.
भारत की प्लेइंग इलेवन
रायपुर में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में शामिल हैं—यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा.
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
साउथ अफ्रीका ने अपनी मजबूत लाइन-अप उतारी है, जिसमें क्विंटन डी कॉक, एडेन मार्करम, टेम्बा बावुमा, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, टोनी डी जोर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नांद्रे बर्गर और लुंगी एनगिडी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: विराट के साथ 'गौतम' का 'गंभीर' मैटर? बगल से निकल गए और नहीं की कोई बात