Indian Army Exercise: राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना 30 अक्टूबर से 10 नवंबर तक संयुक्त सैन्य अभ्यास करने जा रही है. इस अभ्यास की जानकारी नागरिकों और पायलटों के लिए NOTAM के माध्यम से जारी की गई है. पिछले कई महीनों से भारत लगातार अपनी सेना को किसी भी स्थिति के लिए तैयार कर रहा है और यह अभ्यास उसी क्रम की महत्वपूर्ण कड़ी है.
'थार शक्ति' का अवलोकन कर सराहा गया जवानों का साहस
हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान में भारतीय सेना के ‘थार शक्ति’ सैन्य अभ्यास का निरीक्षण किया. लोंगेवाला में उन्होंने जवानों के साहस, समर्पण और पराक्रम की सराहना की. इस अभ्यास में सैकड़ों सैनिकों ने रेगिस्तान की रेत पर आधुनिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया. इसमें ‘रोबोट डॉग’, ड्रोन, ‘एटॉर एन1200’ वाहन, अत्याधुनिक टैंक और हेलीकॉप्टर शामिल थे, जिन्होंने भविष्य के युद्ध कौशल और ताकत का बेहतरीन प्रदर्शन किया.
NOTAM क्या है और क्यों जरूरी है?
NOTAM का अर्थ है "Notice To Airmen". यह पायलटों, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स और विमानन से जुड़े अन्य लोगों को उड़ानों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देता है. NOTAM के माध्यम से हवाई यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाए रखने के लिए अस्थायी बदलाव, खतरे या सैन्य अभ्यास के बारे में सचेत किया जाता है. इससे उड़ानों के संचालन पर प्रभाव पड़ने से पहले सभी पक्ष सचेत रहते हैं.
ऑपरेशन सिंदूर और सीमा पर सुरक्षा
भारतीय सशस्त्र बलों ने इस साल मई में पाकिस्तान और नियंत्रण वाले कश्मीर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था. इसके तहत आतंकवादी ठिकानों पर हवाई और ज़मीन से हमले किए गए थे. इसके बाद से भारत लगातार अपनी सेनाओं को किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार कर रहा है. पाकिस्तान की ओर से किए गए कई ड्रोन और मिसाइल हमलों को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया. फिलहाल, दोनों देशों के बीच युद्धविराम की स्थिति बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव में NC की बड़ी जीत, 4 में से 3 सीट पर किया कब्जा, एक BJP के खाते में