नई दिल्ली: दुनिया की बदलती सैन्य परिस्थितियों और भारत की भूराजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए, भारत अपनी रक्षा रणनीति में बड़ा बदलाव करने की दिशा में अग्रसर है. वैश्विक मंच पर रूस-यूक्रेन युद्ध, इजरायल-हमास संघर्ष और हाल ही में थाईलैंड-कंबोडिया के बीच बढ़े तनाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब पारंपरिक युद्धों की जगह हाई-टेक्नोलॉजी आधारित रणनीतिक टकरावों का युग शुरू हो चुका है. ऐसे में भारत न केवल अपनी सुरक्षा जरूरतों के लिहाज से सतर्क है, बल्कि सक्रिय तैयारी में भी जुट चुका है.
इस कड़ी में सबसे उल्लेखनीय कदम है – ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल का उन्नत संस्करण, जिसे 'ब्रह्मोस-2K' या 'ब्रह्मेस-MKII' के नाम से जाना जा रहा है. यह भारत-रूस की सामरिक साझेदारी का एक नया और शक्तिशाली प्रतीक होगा, जिसकी मारक क्षमता, गति और चकमा देने की ताकत आने वाले समय में भारत को एशिया ही नहीं, बल्कि विश्व के सबसे एडवांस डिफेंस सिस्टम्स से लैस देशों की कतार में खड़ा कर देगा.
ब्रह्मोस-2K: गति, सीमा और चपलता का त्रिकाल
ब्रह्मोस-2K की सबसे बड़ी विशेषता उसकी हाइपरसोनिक गति है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मिसाइल 7 से 8 मैक की गति से दुश्मन पर हमला करने में सक्षम होगी – यानी लगभग 10,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार. इसका अर्थ यह है कि यह मिसाइल कुछ ही मिनटों में 1,500 किलोमीटर दूर स्थित लक्ष्य को ध्वस्त कर सकती है. यह मौजूदा ब्रह्मोस मिसाइलों से कहीं ज्यादा तीव्र, घातक और व्यापक रेंज वाली होगी, जिनकी सीमा अधिकतम 800 किलोमीटर तक ही सीमित है.
इसके अलावा, ब्रह्मोस-2K को लो-एल्टिट्यूड फ्लाइट और मल्टी-डायरेक्शनल मैन्युवरिंग जैसी क्षमताओं से लैस किया जा रहा है. इससे यह किसी भी हाई-एंड एयर डिफेंस सिस्टम जैसे S-400, THAAD या यहां तक कि इजरायल के आयरन डोम को भी आसानी से चकमा दे सकती है.
क्यों खास है ब्रह्मोस-2K?
हाइपरसोनिक तकनीक:
ब्रह्मोस-2K, सुपरसोनिक नहीं बल्कि हाइपरसोनिक श्रेणी की मिसाइल होगी, जिसका मतलब है कि यह ध्वनि की गति से पाँच गुना तेज होगी. इस स्पीड के कारण किसी भी रक्षा प्रणाली के पास प्रतिक्रिया का समय ही नहीं बचेगा.
एयर डिफेंस सिस्टम्स की समाप्ति:
मौजूदा एयर डिफेंस सिस्टम्स की नींव ही इस विचार पर टिकी है कि दुश्मन की मिसाइल का समय रहते पता लगाकर उसे हवा में ही निष्क्रिय कर दिया जाए. लेकिन ब्रह्मोस-2K की स्पीड और उसकी दिशा बदलने की क्षमता (मैन्युवरिबिलिटी) इन सभी प्रणालियों को अप्रासंगिक बना देगी.
कम ऊंचाई पर उड़ान:
यह मिसाइल बेहद कम ऊंचाई पर उड़ान भरने में सक्षम होगी, जिससे इसे ट्रैक करना और मुश्किल हो जाएगा. खासतौर पर यह खूबी अमेरिका और रूस की पारंपरिक मिसाइलों की तुलना में इसे ज्यादा खतरनाक बनाती है.
स्टील्थ डिजाइन:
हाइपरसोनिक गति के साथ स्टेल्थ डिज़ाइन इसे और घातक बनाता है. इसका रडार सिग्नेचर बेहद कम होगा, जिससे यह दुश्मन की नजरों से बची रह सकेगी.
ऑपरेशन सिंदूर से मिली प्रेरणा
भारत के इस नए सैन्य अभियान की जड़ें हाल ही में किए गए ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी हैं. 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम के बैसरन घाटी में हुए जघन्य आतंकी हमले, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या कर दी गई थी, ने देश को झकझोर कर रख दिया था. इस वीभत्स घटना के बाद भारत ने न केवल तीव्र प्रतिक्रिया दी बल्कि आक्रामक प्रतिकार की नई परंपरा भी शुरू की.
इंडियन एयरफोर्स द्वारा पीओके और पाक अधिकृत इलाकों पर की गई जवाबी कार्रवाइयों में ब्रह्मोस मिसाइल का प्रयोग हुआ, जिसने आतंकियों के लॉन्च पैड्स और पाकिस्तानी एयरबेसों को भारी नुकसान पहुंचाया. इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चौंका दिया और भारत की सैन्य तैयारी और इच्छा शक्ति दोनों को सिद्ध किया.
रूस के साथ साझेदारी का नया चरण
ब्रह्मोस-2K के विकास को लेकर भारत और रूस के बीच गहरी बातचीत चल रही है. उम्मीद की जा रही है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आगामी भारत यात्रा के दौरान इस मिसाइल के संयुक्त निर्माण को लेकर औपचारिक समझौता हो सकता है. रूस की घातक 3M22 Zircon मिसाइल को आधार बनाकर ब्रह्मोस-2K को डिजाइन किया जा रहा है.
गौरतलब है कि रूस प्रारंभ में हाइपरसोनिक तकनीक को साझा करने को लेकर हिचकिचा रहा था, लेकिन 2016 में भारत के MTCR (Missile Technology Control Regime) में शामिल होने के बाद दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग में बड़ा विस्तार हुआ है.
अगली पीढ़ी की युद्ध रणनीति का हिस्सा
ब्रह्मोस-2K केवल एक मिसाइल नहीं, बल्कि भारत की अगली पीढ़ी की ‘प्रिएम्टिव डिफेंस डिक्शनरी’ का हिस्सा है. भारत अब रणनीतिक दृष्टिकोण से यह स्पष्ट कर चुका है कि संयम की नीति को पीछे छोड़ते हुए प्रोएक्टिव, प्रिवेंटिव और डेटेरेंस-आधारित सैन्य सिद्धांत की ओर बढ़ रहा है. इसका अर्थ है कि भारत अब खतरे के उत्पन्न होने की प्रतीक्षा नहीं करेगा – वह पहले ही उसे खत्म कर देगा.
ये भी पढ़ें- न राफेल, न SU-57, न F-35... भारतीय सेनाओं को चाहिए DRDO का यह स्वदेशी हथियार, 36000 करोड़ की हुई डील