Khawaja Asif On PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की हालिया टिप्पणी को लेकर भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. सरकारी सूत्रों ने कहा कि ख्वाजा आसिफ बिना पूरी जानकारी के ऐसे मुद्दों पर बयान देते रहते हैं, जिनसे उनका कोई सीधा संबंध नहीं होता.
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री अक्सर गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे बयान पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को भी दिखाते हैं. सूत्रों ने यह भी कहा कि दूसरों की उपलब्धियों पर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स की यात्रा के दौरान देश का नया सर्वोच्च सम्मान 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' दिया गया. यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण और छोटे द्वीपीय देशों के विकास में उनके योगदान के लिए दिया गया. प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले व्यक्ति बने.
इसके बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस सम्मान पर सवाल उठाए और इसे लेकर टिप्पणी की. इसी बयान के बाद भारत सरकार की ओर से यह प्रतिक्रिया सामने आई.
सम्मान को लेकर भारत में भी हुई थी बहस
प्रधानमंत्री मोदी को मिले इस सम्मान को लेकर भारत में भी राजनीतिक विवाद हुआ था. विपक्ष के कुछ नेताओं ने सम्मान से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज में स्पेलिंग और टाइपिंग की गलतियों का मुद्दा उठाया. कुछ लोगों ने सम्मान से जुड़ी तस्वीर पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि उसमें AI आधारित डिजिटल टूल का इस्तेमाल किया गया है.
सेशेल्स सरकार ने दी सफाई
इन विवादों के बाद सेशेल्स सरकार ने साफ किया कि प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया सम्मान पूरी तरह वास्तविक है. सरकार ने बताया कि देश ने अपनी राष्ट्रीय सम्मान प्रणाली में बदलाव करते हुए नया सर्वोच्च सम्मान 'गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन' शुरू किया है. सरकार के अनुसार, 24 जून को कैबिनेट ने इस सम्मान को मंजूरी दी थी और इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया गया.
ये भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक विज्ञापन तुरंत बंद हों... सरकार ने मेटा को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम, जानें मामला