Forex Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में मजबूती का सिलसिला जारी है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक यह लगातार तीसरा सप्ताह है जब देश के फॉरेक्स रिजर्व में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस बार भी विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (FCA) और सोने के भंडार में हुई वृद्धि ने कुल भंडार को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई है.
रिजर्व बैंक द्वारा शुक्रवार को जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 4.368 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इसके साथ ही देश का कुल फॉरेक्स रिजर्व बढ़कर 693.318 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.
इससे एक सप्ताह पहले भी विदेशी मुद्रा भंडार में 1.689 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी. हालांकि, भारत अब भी अपने अब तक के रिकॉर्ड स्तर से नीचे है. इससे पहले 27 सितंबर 2024 को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 704.885 अरब डॉलर के ऐतिहासिक उच्च स्तर पर पहुंचा था.
विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में सुधार
आलोच्य सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों यानी Foreign Currency Assets (FCA) में भी मजबूती देखने को मिली. आरबीआई के मुताबिक, 19 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में FCA में 1.641 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई.
इससे पहले वाले सप्ताह में भी FCA भंडार 906 मिलियन डॉलर बढ़ा था. अब भारत का कुल FCA भंडार बढ़कर 559.428 अरब डॉलर हो गया है. उल्लेखनीय है कि कुल विदेशी मुद्रा भंडार में FCA का सबसे बड़ा योगदान होता है. इसे डॉलर में दर्शाया जाता है, लेकिन इसमें यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल रहता है.
सोने के भंडार में तेज उछाल
इस सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार में आई कुल वृद्धि में सबसे बड़ा योगदान सोने के भंडार का रहा. रिजर्व बैंक के अनुसार, समीक्षा अवधि में भारत के गोल्ड रिजर्व के मूल्य में 2.623 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
इससे एक सप्ताह पहले भी सोने के भंडार में 758 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ था. इसके साथ ही अब भारत के सोने के भंडार का कुल मूल्य बढ़कर 110.365 अरब डॉलर हो गया है.
वर्तमान में आरबीआई के पास 880 टन से अधिक सोना मौजूद है, जो कुल विदेशी मुद्रा भंडार का 14.7 प्रतिशत से थोड़ा ज्यादा हिस्सा बनता है.
SDR में मामूली बढ़त दर्ज
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 19 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में SDR में 8 मिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है.
इससे पहले सप्ताह में SDR में 14 मिलियन डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी. अब भारत का SDR भंडार बढ़कर 18.744 अरब डॉलर पर पहुंच गया है.
IMF के पास रखे रिजर्व में भी इजाफा
इसी सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे गए भारत के रिजर्व में भी वृद्धि दर्ज की गई है. आंकड़ों के अनुसार, IMF में रखे गए रिजर्व में 95 मिलियन डॉलर का इजाफा हुआ है.
इसके साथ ही IMF के पास मौजूद भारत का कुल रिजर्व बढ़कर 4.782 अरब डॉलर हो गया है.
ये भी पढ़ें- एयर प्यूरीफायर पर क्यों नहीं घटा सकते GST? केंद्र सरकार ने कोर्ट को दिया जवाब, जानें क्या कहा?